Site icon News1India

BJP नेता मिथुन चक्रवर्ती का दावा, तृणमूल कांग्रेस के 38 विधायकों के हमारे साथ अच्छे रिश्ते

टीएमसी खेमे में उस समय भारी खलबली मच गई जब भाजपा के फायर ब्रांड नेता व अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने मीडिया के सामने प्रेस वार्ता में बड़ा खुलासा कर डाला। मिथुन चक्रवती ने दावा किया कि टीएमसी के 38 विधायक उनके सम्पर्क में हैं ऐसे में टीएमसी खेमे की परेशानी बढ़ती नजर आई है।

 उन्होंने कहा कि टीएमसी के 38 विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। यही नहीं उन्होंने कहा कि 21 विधायक तो सीधे मेरे संपर्क में हैं। उनके दावे के बाद बंगाल की राजनीति में कयासों का दौर तेज हो गया है। मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि यदि टीएमसी के लोग कहते हैं कि हम जनता के प्यार से जीते हैं तो फिर डर किस बात का है। 

 उन्होंने कहा, ‘जब मैं बंबई में था। एक सुबह मैं उठा और सुना कि भाजपा शिवसेना की सरकार बनेगी। अगर यह महाराष्ट्र में किया जा सकता है तो यहां क्यों नहीं किया जा सकता है?’ हालांकि मिथुन के दावे को सही भी मान लें तो 38 टीएमसी विधायकों के भाजपा में आने से भी सरकार नहीं बनेगी। भाजपा के फिलहाल राज्य में 69 विधायक हैं और 38 और विधायक मिलने के बाद यह आंकड़ा 107 का हो जाएगा।

 इसके बाद भी भाजपा सरकार नहीं बना सकेगी। राज्य में सत्ता में आने के लिए जादुई आंकड़ा 144 का है। ऐसे में इन विधायकों के टूटने के बाद भी उसे 37 और विधायकों की जरूरत होगी। मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि टीएमसी नेताओं का मतलब चोर है।

 जनता उन्हें वोट देकर लाई थी। लेकिन अब राज्य में स्थिति ऐसी हो गई है कि केवल भगवान ही बचा सकते हैं। मिथुन ने यह भी कहा कि भाजपा के खिलाफ तरह-तरह के दुष्प्रचार किए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि बीजेपी दंगा कर रही है।

 बीजेपी को मुसलमान पसंद नहीं हैं। साजिश के तहत ऐसा फैलाया जा रहा है। मुझे दिखाओ कि बीजेपी ने पिछले 1 साल में कहां दंगा किया है। देश के 18 राज्यों में बीजेपी सत्ता में है।

Exit mobile version