News1India

दिल्ली-NCR, पंजाब समेत देश के कई हिस्सों को स्मॉग की परत ने ढंका, कुछ भी देखना हुआ मुश्किल

Weather Forcast

Weather Forecast : आज (बुधवार) 13 नवंबर की सुबह दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और यूपी समेत उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में इस सीजन का सबसे घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। सुबह 6 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 100 मीटर विजिबिलिटी रही, जबकि पंजाब के हिंडन एयरपोर्ट और अमृतसर एयरपोर्ट पर जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। लोग अपने वाहनों की हेडलाइट जलाकर सड़कों पर चल रहे हैं। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में अचानक मौसम में आए बदलाव और घने कोहरे के लिए कई पर्यावरणीय कारण और मौसमी गतिविधियां जिम्मेदार हो सकती हैं। दिल्ली-यूपी-पंजाब से लेकर असम तक सुबह-सुबह आसमान में कोहरा छाया हुआ है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट की वजह से लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है।

हरियाणा में भी कोहरे ने दी दस्तक

हरियाणा के सोनीपत में घने कोहरे ने वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी होने के साथ ही सोनीपत से गुजरने वाली ट्रेनों पर भी कोहरे और धुंध का असर दिखाई दे रहा है। दिल्ली-अंबाला और अंबाला-दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। वहीं, दिल्ली-एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर का AQI कई जगहों पर बेहद खराब और गंभीर श्रेणी में बना हुआ है। इस बीच लोग इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि आखिर यह कोहरा है या स्मॉग? दरअसल, सर्दी बढ़ने के साथ ही दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ जाता है, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्या है।

यह भी पढ़ें : ताजमहल और अन्य स्मारकों में फ्री एंट्री… पर्यटकों के लिए सुनहरा मौका

आज यानी 13 नवंबर सुबह 6 बजे की बात करें तो दिल्ली में औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 349 दर्ज किया गया है, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। वहीं, हल्की ठंड के साथ कोहरा भी छाया हुआ है। दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाके स्मॉग और कोहरे की चपेट में हैं। कोहरे और स्मॉग में क्या अंतर है? कोहरा और स्मॉग दोनों ही आसमान में छाई धुंध से संबंधित हैं, लेकिन दोनों में बहुत अंतर है। कोहरा हवा में तैरती पानी की बहुत बारीक बूंदों से बनता है। लेकिन स्मॉग धुएं और प्रदूषण का मिश्रण है। इसके अलावा कोहरे का रंग सफेद होता है, जबकि स्मॉग हल्का ग्रे या भूरा हो सकता है। ठंड के मौसम और नमी बढ़ने से आसमान में कोहरा बढ़ता है, जबकि तापमान गिरने के बाद प्रदूषण बढ़ने से स्मॉग बनता है।

दिल्ली में वायु प्रदूषण और आसमान में धुंध बढ़ने के कई कारण हैं। इनमें वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्य, औद्योगिक प्रदूषण और पराली जलाना शामिल हैं। दिल्ली सरकार और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) वायु प्रदूषण को कम करने के लिए कई उपाय करते हैं। इनमें वाहनों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए ऑड-ईवन योजना, निर्माण कार्यों पर रोक और पराली जलाने पर सख्ती शामिल है।

Exit mobile version