Site icon News1India

60 मंजिला हाईराइज बिल्डिंग में स्टंट करने गए दो रूसी यूट्यूबर गिरफ्तार

मुंबई। ताड़देव इलाके में स्थित एक 60 मंजिला हाईराइज इमारत इंपीरियल ट्विन टावर्स में उस समय हडकंप मच गया जब बिना किसी को बताये दो रूसी यूट्यूबर बिल्डिंग में स्टंट करने के लिये घुस गए। जिसके बाद बड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। अब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

इन दोनों रूसी यूट्यूबर की पहचान मास्किम शचरबाकोव और रोमन प्रोशिन के रूप में की गई है। ताड़देव पुलिस की टीम ने इन दोनों के बारे में रूसी दूतावास को भी सूचित किया है। इन दोनों से ताड़देव पुलिस स्टेशन की टीम गहन छानबीन कर रही है।

पुलिस के अनुसार सोमवार की रात में दोनों यूट्यूबर बिना इमारत की सोसाइटी की मंजूरी लिये बिल्डिंग में जबरन घुस गए। इसकी जानकारी सुरक्षा गार्डों को सीसीटीवी के माध्यम से मिली लेकिन तब तक दोनों इमारत की 58 मंजिल तक सीढ़ियों से पहुंच गए थे। रूसी यूट्यूबर सुरक्षा गार्डों को चकमा दे रहे थे, इसलिए सुरक्षा गार्डों ने इसकी जानकारी तत्काल ताड़देव पुलिस स्टेशन को दी। इसके बाद करीब दो घंटे के भीतर ही दोनों को सुरक्षा गार्डों ने पकड़ा और दोनों को पुलिस को सौंप दिया।

दोनों यूट्यूबरों ने पुलिस को बताया कि वे सीढ़ियों से बिल्डिंग की 58वीं मंजिल पर गए थे। वे वहां से स्टंट करते हुए बिल्डिंग से नीचे आ जाते। वे इस स्टंट का वीडियो रिकॉर्ड करना चाहते थे। हालांकि इससे पहले ही सुरक्षा गार्डों ने उन्हें पकड़ लिया। उनका स्टंट अधूरा रह गया। पुलिस ने निजी संपत्ति में जबरन घुसने, जान जोखिम में डालकर स्टंट वीडियो रिकॉर्ड करने का प्रयास करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी रूसी दूतावास को भी दे दी है।

Exit mobile version