Space Record : अंतरिक्ष को खाली और बेहद ठंडा माना जाता है, लेकिन वहां भी तापमान शून्य नहीं होता। करीब 13.8 अरब साल पहले ब्रह्मांड के जन्म के समय पैदा हुई रेडिएशन आज भी पूरे अंतरिक्ष में मौजूद है। इसी वजह से अंतरिक्ष का औसत बैकग्राउंड तापमान करीब 2.7 केल्विन रहता है। अब वैज्ञानिकों ने इससे भी कहीं ज्यादा ठंडा तापमान पैदा कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है।
9.7 पिकोकेल्विन का रिकॉर्ड
चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर वैज्ञानिकों की टीम ने 9.7 पिकोकेल्विन का रिकॉर्ड इक्विवेलेंट टेम्परेचर दर्ज किया है। यह 0.0000000000097 केल्विन के बराबर है। प्रतिष्ठित साइंस जर्नल में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, यह अब तक मापा गया सबसे कम तापमान है। वैज्ञानिकों ने इस उपलब्धि के साथ परम शून्य के करीब पहुंचने की दिशा में बड़ी कामयाबी हासिल की है।
क्या है परम शून्य?
परम शून्य यानी एब्सोल्यूट जीरो तापमान की वह सैद्धांतिक सीमा है, जो शून्य केल्विन के बराबर होती है। इससे नीचे तापमान पहुंचना भौतिकी के नियमों के मुताबिक असंभव है। वैज्ञानिक जितना इसके करीब पहुंचते हैं, पदार्थ का व्यवहार उतना ही अलग होने लगता है।
परमाणुओं का बदलता व्यवहार
परम शून्य के करीब पहुंचने पर पदार्थ बोस-आइंस्टीन कंडेनसेट नाम की अवस्था में बदल सकता है। इस स्थिति में अलग-अलग परमाणु अपनी स्वतंत्र पहचान खोकर एक बड़े क्वांटम ऑब्जेक्ट की तरह व्यवहार करने लगते हैं। इससे वैज्ञानिकों को क्वांटम प्रभावों को बड़े स्तर पर समझने का मौका मिलता है।
अंतरिक्ष में कैसे हुआ प्रयोग?
इससे पहले 2018 में नासा ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर रूबिडियम गैस को 100 नैनोकेल्विन तक ठंडा किया था। 2021 में जर्मनी के वैज्ञानिकों ने 38 पिकोकेल्विन का रिकॉर्ड बनाया था। इस बार पेकिंग यूनिवर्सिटी और चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के वैज्ञानिकों ने माइक्रोग्रैविटी का फायदा उठाया। उन्होंने रूबिडियम-87 परमाणुओं के बादल को लेजर की मदद से ठंडा किया और ऑप्टिकल जाल में फंसाया।
गुरुत्वाकर्षण की बनाई नकल
वैज्ञानिकों ने इवापोरेटिव कूलिंग तकनीक अपनाई। इसमें ज्यादा ऊर्जा वाले गर्म परमाणुओं को बाहर निकलने दिया जाता है, जिससे बाकी परमाणु ठंडे हो जाते हैं। अंतरिक्ष में सामान्य गुरुत्वाकर्षण का सहारा नहीं मिलने पर टीम ने खास मैग्नेटिक फील्ड बनाया, जिसने गुरुत्वाकर्षण की तरह काम किया। इससे करीब 20 हजार रूबिडियम परमाणुओं का कंडेनसेट 3.1 नैनोकेल्विन तक ठंडा हो गया।
सात सेकंड तक दिखा कमाल
प्रयोग के अगले चरण में वैज्ञानिकों ने परमाणुओं के बादल को लेजर से बने एक बड़े जाल में डाला। धीरे-धीरे जाल कमजोर किया गया, जिससे परमाणु फैलने लगे। जाल हटाने के सात सेकंड बाद तक उनकी धीमी गति को देखा और मापा जा सका। इसी आधार पर 9.7 पिकोकेल्विन का रिकॉर्ड तापमान दर्ज किया गया। यह उपलब्धि क्वांटम फिजिक्स और ब्रह्मांड के बुनियादी नियमों को समझने के लिए नए रास्ते खोल सकती है।

