Site icon News1India

CCSU News: अब बेटियां छुएंगी आसमान… मेरठ के CCSU में NSDC की अनोखी पहल

CCSU

CCSU News: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) में 1 मार्च से बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक अनोखी पहल शुरू की जा रही है। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के सहयोग से आयोजित इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत छात्राओं को उच्च गुणवत्ता वाली ट्रेनिंग दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को स्किल डेवलपमेंट के जरिए सशक्त बनाना और उन्हें रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में यूपी समेत देश के कई राज्यों की छात्राएं वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगी। कार्यक्रम में खुद देश के कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी मौजूद रहेंगे और विश्वविद्यालय के साथ MOU पर हस्ताक्षर करेंगे। साथ ही, इस पहल के जरिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे उन्नत विषयों पर छात्राओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।

कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी करेंगे उद्घाटन

CCSU में आयोजित होने जा रहे इस विशेष कार्यक्रम का उद्घाटन कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी करेंगे। इस दौरान कौशल विकास मंत्रालय और नीति आयोग के साझा प्रयास से एक ऐतिहासिक समझौता किया जाएगा। विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. प्रदीप चौधरी के अनुसार, यह कार्यक्रम एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जा रहा है, जिसमें समय-समय पर सुधार और नए तत्व जोड़े जाएंगे। इस कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में व्यावसायिक प्रशिक्षण देने के साथ-साथ एंटरप्रेन्योरशिप से जुड़े निर्णय लेने में भी मदद मिलेगी।

वर्चुअल माध्यम से भी जुड़ेगीं छात्राएं

इस कार्यक्रम को देशभर में 17 से 18 अलग-अलग स्थानों पर वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया जाएगा। असम, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड समेत 6 राज्यों की छात्राएं भी इस कार्यक्रम से जुड़ेंगी। नोएडा स्थित NIESBUD (राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान) की ओर से इस आयोजन का संचालन किया जा रहा है। इससे छात्राओं को न केवल स्किल डेवलपमेंट का अवसर मिलेगा, बल्कि वे डिजिटल युग के अनुरूप खुद को अपडेट भी कर पाएंगी।

तकनीकी शिक्षा के नए अवसर खुलेंगे

CCSU के कुलपति प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता ने कहा कि यह पहल आधुनिक डिजिटल युग में बड़े बदलाव का संकेत है। इस समझौते के तहत छात्राओं को AI, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, डिजिटल मार्केटिंग और फिनटेक जैसे विषयों पर विशेष प्रशिक्षण मिलेगा। इसके अलावा, छात्राओं को इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट्स और इंडस्ट्री एक्सपोजर का भी अवसर दिया जाएगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

NSDC की विशेष टीम करेगी संवाद

इस कार्यशाला में NSDC की विशेष टीम भी मौजूद रहेगी, जो छात्राओं को नई तकनीकों पर जागरूक करेगी और उनके साथ संवाद स्थापित करेगी। यह अपने आप में एक अनूठा कार्यक्रम है, जो बेटियों के भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा।

यहां पढ़ें: 10,000 रुपए बोनस और 1 हफ्ते की छुट्टी, महाकुंभ में तैनात 75 हजार पुलिसकर्मियों को सीएम योगी का तोहफा
Exit mobile version