Site icon News1India

IIT NEW COURSE: क्या Robotics, Physical AI और Space Engineering के नए कोर्स खोलेंगे करियर के नए रास्ते

देश के आईआईटी (IIT) में पढ़ाई करने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए आने वाले समय में नए अवसर खुल सकते हैं। तेजी से बदलती तकनीक और उद्योगों में बढ़ती जरूरतों को देखते हुए आईआईटी में रोबोटिक्स, फिजिकल एआई और स्पेस इंजीनियरिंग से जुड़े नए कोर्स शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को भविष्य की तकनीक के लिए तैयार करना और उन्हें पढ़ाई के साथ काम का अनुभव देना है।

6,000 नई सीटों पर तैयार होगी योजना

प्रस्तावित योजना के तहत कुल 6,000 सीटें शुरू करने की तैयारी है। इन सीटों को दो प्रमुख क्षेत्रों में बांटा गया है। पहला रोबोटिक्स और फिजिकल एआई, जबकि दूसरा स्पेस इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी है।

रोबोटिक्स और फिजिकल एआई के लिए कुल 5,000 सीटें प्रस्तावित हैं। इनमें बीटेक की 2,500, मास्टर्स की 1,200 और पीएचडी की 1,300 सीटें शामिल हैं। वहीं, स्पेस इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के लिए 1,000 सीटों का प्रस्ताव रखा गया है। इनमें बीटेक की 500, मास्टर्स की 300 और पीएचडी की 200 सीटें होंगी।

120 से ज्यादा विशेषज्ञ फैकल्टी की होगी तैनाती

इन नए कार्यक्रमों को सही तरीके से चलाने और रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए 120 से ज्यादा समर्पित फैकल्टी सदस्यों की नियुक्ति और तैनाती की उम्मीद है। इन शिक्षकों और विशेषज्ञों की मदद से छात्रों को नई तकनीकों की जानकारी देने के साथ-साथ रिसर्च के बेहतर अवसर भी मिलेंगे।

इस योजना से जेईई मेन और जेईई एडवांस्ड की तैयारी कर रहे छात्रों को भी आने वाले समय में फायदा मिल सकता है। आईआईटी में नए विषयों से जुड़े कोर्स के विकल्प बढ़ने से छात्रों को अपनी पसंद और रुचि के अनुसार पढ़ाई करने का मौका मिल सकता है।

रोबोटिक्स और फिजिकल एआई में क्या पढ़ाया जाएगा?

रोबोटिक्स और फिजिकल एआई के कोर्स का मकसद छात्रों को सिर्फ किताबों तक सीमित रखना नहीं है। उन्हें असली जिंदगी की समस्याओं को समझने और उनका तकनीकी समाधान तैयार करने की ट्रेनिंग दी जाएगी।

इसमें मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के साथ सॉफ्टवेयर, मशीन लर्निंग, कंप्यूटर विजन, सेंसर और कंट्रोल सिस्टम जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे। इससे छात्र मशीनों के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर, दोनों पर काम करना सीख सकेंगे।

इस तकनीक का इस्तेमाल खेती में मशीनों से काम करने, गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, रक्षा क्षेत्र, कारखानों और छोटे उद्योगों में किया जा सकेगा। इसके जरिए कम खर्च में नई मशीनें और उपयोगी तकनीक तैयार करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

स्पेस इंजीनियरिंग में मिलेंगे नए अवसर

स्पेस इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के तहत छात्रों को अंतरिक्ष से जुड़ी कई नई चीजें सीखने का मौका मिलेगा। इसमें सैटेलाइट सिस्टम, अंतरिक्ष यान बनाना, रॉकेट को आगे बढ़ाने वाली तकनीक, सैटेलाइट नेविगेशन, स्पेस रोबोटिक्स और इंसानों की अंतरिक्ष यात्रा जैसे विषय शामिल होंगे।

इस पहल के तहत किसी एक आईआईटी में स्कूल ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी बनाने की भी योजना है। हालांकि, अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि इस स्कूल की शुरुआत किस आईआईटी में होगी।

फाउंडेशन की पुरानी पहल का होगा विस्तार

यह योजना भूपत और ज्योति मेहता फैमिली फाउंडेशन के पहले से चल रहे काम को आगे बढ़ाने की कोशिश है। साल 2019 से यह फाउंडेशन 6 आईआईटी के साथ मिलकर काम कर रहा है।

अब तक फाउंडेशन की मदद से डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हेल्थकेयर, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग और सस्टेनेबिलिटी जैसे विषयों पर 8 स्कूल और सेंटर बनाए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों में अब तक 4,000 से ज्यादा दाखिले हो चुके हैं और फाउंडेशन की मदद से चल रहे संस्थानों में 1,400 से ज्यादा छात्र पढ़ाई कर रहे हैं।

हालांकि, नई योजना में कौन-कौन से आईआईटी शामिल होंगे, कितनी यूजी सीटें मिलेंगी, दाखिले की प्रक्रिया क्या होगी और पात्रता की शर्तें क्या रहेंगी, इसकी पूरी जानकारी अभी जारी नहीं की गई है।

Exit mobile version