NEET UG 2026 अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, देशभर में बढ़ीं MBBS सीटें, 25 नए मेडिकल कॉलेजों को मिली मंजूरी

NEET UG 2026 के लिए देशभर में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाकर 1,36,939 कर दी गई है। 25 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिली है, जबकि कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सीटें बढ़ी हैं।

MBBS Seats Increased in India 2026: नीट यूजी 2026 की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीबीएस सीटों की नई आधिकारिक सीट मैट्रिक्स जारी कर दी है। इस बार देशभर में मेडिकल सीटों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। नए आंकड़ों के अनुसार अब 823 मेडिकल कॉलेजों में कुल 1,36,939 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश मिलेगा। इसके साथ ही 25 नए मेडिकल कॉलेजों को भी मंजूरी दी गई है, जिससे मेडिकल शिक्षा का दायरा और व्यापक होगा। यही सीट मैट्रिक्स NEET UG 2026 काउंसलिंग के दौरान दाखिले का आधार बनेगी।

करीब 10 हजार नई सीटों का इजाफा

एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) के अनुसार, इस शैक्षणिक वर्ष में कुल 9,911 नई एमबीबीएस सीटों को मंजूरी दी गई है। पहले से स्वीकृत 1,27,028 सीटों के साथ इन्हें जोड़ने पर कुल सीटों की संख्या 1,36,939 हो गई है। इसके अलावा 25 नए मेडिकल कॉलेजों में 2,400 नई सीटें भी शामिल हैं। शेष नई सीटें पहले से संचालित मेडिकल कॉलेजों की प्रवेश क्षमता बढ़ाकर उपलब्ध कराई गई हैं। इससे मेडिकल की पढ़ाई का सपना देख रहे छात्रों के लिए प्रवेश के अवसर पहले की तुलना में अधिक हो जाएंगे।

सरकारी और निजी दोनों कॉलेजों में बढ़ीं सीटें

इस बार सीटों का विस्तार सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में किया गया है। देश के 441 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अब कुल 63,296 एमबीबीएस सीटें उपलब्ध होंगी, जिनमें 2,111 नई सीटें जोड़ी गई हैं। वहीं 382 निजी मेडिकल कॉलेजों में अब 73,643 सीटें होंगी। निजी संस्थानों में इस वर्ष 7,800 नई सीटों की मंजूरी दी गई है। इससे मेडिकल शिक्षा के लिए उपलब्ध कुल सीटों में बड़ा इजाफा हुआ है और छात्रों के पास अधिक विकल्प मौजूद रहेंगे।

25 नए मेडिकल कॉलेजों को मिली मंजूरी

एनएमसी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 25 नए मेडिकल कॉलेजों को अनुमति दी है। इनमें 7 सरकारी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं, जहां कुल 400 सीटों पर प्रवेश मिलेगा। वहीं 18 नए निजी मेडिकल कॉलेजों में 2,000 एमबीबीएस सीटें उपलब्ध होंगी। परिषद ने स्पष्ट किया है कि सभी संस्थान केवल स्वीकृत सीटों पर ही प्रवेश देंगे। यदि भविष्य में किसी कॉलेज की सीट क्षमता में बदलाव किया जाता है, तो मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड संशोधित आदेश जारी करेगा और नई सीट मैट्रिक्स आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।

इन राज्यों को मिला सबसे अधिक फायदा

नई सीटों के वितरण में कई राज्यों को बड़ा लाभ मिला है। कर्नाटक में सबसे अधिक 1,300 नई सीटें स्वीकृत की गई हैं। इसके बाद तमिलनाडु को 950, राजस्थान को 900, पश्चिम बंगाल को 825, तेलंगाना को 810 और उत्तर प्रदेश को 800 नई सीटें मिली हैं। इसके अलावा बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी एमबीबीएस सीटों की संख्या में अच्छी बढ़ोतरी की गई है। वहीं, जिन निजी मेडिकल कॉलेजों को नई मंजूरी या सीट वृद्धि मिली है, उन्हें सात दिनों के भीतर इलेक्ट्रॉनिक बैंक गारंटी जमा करनी होगी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद संबंधित संस्थानों को लेटर ऑफ परमिशन जारी किया जाएगा।

Exit mobile version