Death Mystery: नेपाल के होटल में प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत, खान सर विवाद से जुड़े मामले में पुलिस को थी तलाश

खान सर और रौशन आनंद विवाद से जुड़े प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है और पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Prince Yadav Death Case: खान सर और रौशन आनंद से जुड़े चर्चित विवाद के बीच नेपाल से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने शिक्षा जगत और सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी से जुड़े रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग नेपाल के लिए रवाना हो गए। वहीं, इस मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं और लोग मौत के कारणों को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं।

पहले से विवादों में था नाम

पटना में चर्चित ‘खान सर बनाम रौशन आनंद’ विवाद पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद जेल में हैं, जबकि खान सर को हाल ही में अग्रिम जमानत मिली है। इसी विवाद के दौरान खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले में प्रिंस यादव का नाम भी सामने आया था। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोप है कि मामला दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने कुछ साथियों के साथ नेपाल चले गए थे और वहीं रह रहे थे।

होटल के कमरे में हुई मौत

जानकारी के अनुसार, प्रिंस यादव नेपाल के विराटनगर में एक होटल में ठहरे हुए थे। देर रात उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनका पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। शुरुआती रिपोर्ट में नशे की अधिक मात्रा लेने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पांच लोगों से पूछताछ जारी

नेपाल पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें तीन नेपाली नागरिक और दो भारतीय शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। बताया जा रहा है कि प्रिंस के साथ मौजूद दो भारतीय उनके रिश्तेदार थे और विराटनगर में ही रहते थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना से पहले होटल में क्या हुआ था और प्रिंस की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल

प्रिंस यादव की मौत के बाद सोशल Media पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे सामान्य घटना मान रहे हैं, जबकि कई लोग इसे किसी बड़ी साजिश से जोड़कर देख रहे हैं।

चूंकि प्रिंस का नाम पहले भी विवादों में आ चुका था और खान सर से जुड़े मामले में भी वह आरोपी थे, इसलिए इस घटना ने पूरे मामले को और अधिक चर्चा में ला दिया है। हालांकि अभी तक किसी भी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वायरल ऑडियो भी चर्चा में

इस बीच नेपाल के मोरांग जिले के पुलिस अधीक्षक और एक स्थानीय पत्रकार के बीच हुई कथित फोन बातचीत का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑडियो में प्रिंस यादव के मामले को लेकर चर्चा होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सही जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

Exit mobile version