School Closed Today: कांवड़ यात्रा और भारी बारिश के चलते कई जिलों में स्कूल बंद, जानें कहां-कहां लागू है छुट्टी

कांवड़ यात्रा और लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूल और कॉलेज अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। उत्तराखंड, केरल और असम में भी मौसम की स्थिति पर प्रशासन नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर छुट्टी घोषित की जा सकती है। छात्रों और अभिभावकों को आधिकारिक आदेशों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

School Closed Today: देशभर में सावन माह के दौरान कांवड़ यात्रा और कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश के बीच कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, बागपत और मुजफ्फरनगर में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों को अस्थायी रूप से बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

यूपी के इन जिलों में लागू है अवकाश

गाजियाबाद में नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान 4 अगस्त से 12 अगस्त तक बंद रहेंगे। हालांकि, पहले से निर्धारित परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी।

मेरठ में भी 4 से 12 अगस्त तक सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई, सीआईएससीई, मदरसा बोर्ड समेत सभी मान्यता प्राप्त संस्थानों पर लागू होगा।

बागपत में 3 अगस्त से 12 अगस्त तक स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है, जबकि मुजफ्फरनगर में 3 से 10 अगस्त तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। प्रशासन ने कांवड़ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया है।

बारिश वाले राज्यों में प्रशासन अलर्ट

उत्तराखंड, केरल और असम समेत कई राज्यों में लगातार बारिश के चलते जिला प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। यदि भारी बारिश, जलभराव, भूस्खलन या बाढ़ जैसी स्थिति बनती है तो संबंधित जिलों में स्थानीय प्रशासन स्कूल बंद करने का आदेश जारी कर सकता है।

उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, टिहरी और पौड़ी जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना के कारण अभिभावकों को प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर रखने की सलाह दी गई है। वहीं केरल और असम में भी मौसम की स्थिति के अनुसार जिला कलेक्टर स्कूलों में छुट्टी घोषित कर सकते हैं।

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल सामान्य स्थिति

दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में फिलहाल स्कूल बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। हालांकि, हल्की से मध्यम बारिश और ट्रैफिक जाम की संभावना को देखते हुए छात्रों और अभिभावकों को सुबह निकलने से पहले स्थानीय प्रशासन की ताजा सूचना जरूर जांचने की सलाह दी गई है।

 

Exit mobile version