Site icon News1India

MP TET Exam 2026 :शिक्षकों के विरोध के बीच परीक्षा की तारीख तय, कुछ ने ही भरा फॉर्म, बाकी पर क्या होगा असर?

Education News: टीईटी को लेकर शिक्षकों के विरोध और परीक्षा टालने की मांग के बीच माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। जारी अधिसूचना के मुताबिक, शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 20 दिसंबर 2026 को सुबह 11 बजे से आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर निर्धारित केंद्रों में कराई जाएगी।

विरोध के बाद भी फैसला

शिक्षक संगठनों ने टीईटी परीक्षा को लेकर सवाल उठाए थे। संगठनों की ओर से इसका विरोध करते हुए परीक्षा स्थगित करने की मांग भी की गई थी। हालांकि, विरोध के बावजूद मंडल ने परीक्षा कराने का फैसला बरकरार रखा है। अब अभ्यर्थियों और शिक्षकों को 20 दिसंबर की तारीख के हिसाब से तैयारी करनी होगी।

सिर्फ 34,500 आवेदन

इस परीक्षा को लेकर एक और अहम आंकड़ा सामने आया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में करीब डेढ़ लाख सरकारी शिक्षक हैं, लेकिन इनमें से केवल 34,500 शिक्षकों ने ही टीईटी के लिए आवेदन किया है। बाकी शिक्षकों ने अब तक फॉर्म नहीं भरा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आवेदन नहीं करने वाले शिक्षकों की नौकरी पर क्या असर पड़ेगा।

किन शिक्षकों को छूट नहीं

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, जिन शिक्षकों की नियुक्ति आरटीई कानून लागू होने से पहले हुई थी और जिनकी सेवानिवृत्ति में पांच साल से ज्यादा का समय बचा है, उनके लिए टीईटी पास करना जरूरी है। ऐसे शिक्षकों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए 31 अगस्त 2028 तक का समय दिया गया है।

फॉर्म नहीं भरने पर क्या होगा

20 दिसंबर की परीक्षा का फॉर्म नहीं भरने से किसी शिक्षक की नौकरी तुरंत नहीं जाएगी। हालांकि, जिन शिक्षकों के लिए टीईटी पास करना अनिवार्य है, उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर उनकी नौकरी पर संकट आ सकता है।

नौकरी और प्रमोशन पर असर

निर्धारित समयसीमा तक टीईटी पास नहीं करने वाले पात्र शिक्षकों को नौकरी छोड़नी पड़ सकती है या अनिवार्य सेवानिवृत्ति का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, जिन शिक्षकों की 1 सितंबर 2025 तक सेवानिवृत्ति में पांच साल से कम अवधि बची थी, उन्हें रिटायरमेंट तक नौकरी जारी रखने की छूट दी गई है। हालांकि, ऐसे शिक्षक टीईटी पास किए बिना प्रमोशन नहीं पा सकेंगे।

Exit mobile version