Anant Singh Wedding: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों खूब चर्चा में है। शादी में उमड़ी भारी भीड़ के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो को देखकर लोग हैरान हैं। गांव में ऐसा नजारा देखने को मिला, जैसे कोई बड़ा मेला लगा हो। कई लोग इस भीड़ की तुलना चुनावी रैली से भी कर रहे हैं।
खाने के लिए पत्तल को लेकर मची होड़
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में शादी में आए लोग खाने के लिए पत्तल लेते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पत्तल की कमी होने और लोगों के बीच उन्हें पाने की होड़ का दावा किया जा रहा है।
अनंत सिंह की ओर से सभी मेहमानों के लिए पर्याप्त व्यवस्था होने की बात कही गई थी। लेकिन वायरल वीडियो देखकर लोग आयोजन की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
शादी में 10 लाख लोगों के आने का दावा
एक अन्य वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि शिवांगी की शादी में करीब 10 लाख लोग भोज खाने पहुंचे। हालांकि, इस संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ठंड के मौसम में भी लोगों की भीड़ लगातार जुटती दिखाई दे रही है।
घुड़दौड़ देखने के लिए बिजली के टावर पर चढ़े लोग
शादी में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई थी। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। वायरल वीडियो में कुछ लोग 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़े दिखाई दे रहे हैं। इस तरह का जोखिम भरा नजारा देखकर लोग हैरान हैं। भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला टालना पड़ा।
मंत्री रामकृपाल यादव को पैदल जाना पड़ा
शादी में बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव भी पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह पैदल जाते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि रास्ते में भारी जाम के कारण उनकी गाड़ी आगे नहीं बढ़ सकी और उन्हें पैदल जाना पड़ा।
हेलीकॉप्टर से पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह
शादी में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की मौजूदगी भी चर्चा में रही। वह हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि हेलीकॉप्टर उनका है, लेकिन उसे अनंत सिंह का ही समझिए।

