News1India

Birthday Special: क्राइम पेट्रोल फेम अनूप सोनी,टीवी, फिल्म से राज बब्बर के दामाद तक का अनोखा सफर

Anup Soni

Birthday Special: अगर आपने कभी टीवी पर क्राइम पेट्रोल देखा है, तो यकीनन अनूप सोनी का गंभीर अंदाज़ ज़रूर याद होगा। जुर्म की सच्ची कहानियों को पेश करने वाले इस शो के जरिए अनूप सोनी घर-घर में पहचाने गए। लेकिन क्या आपको पता है कि इस टैलेंटेड एक्टर की असल जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। आज उनके 50वें जन्मदिन पर जानते हैं उनकी ज़िंदगी के कुछ खास किस्से।

लुधियाना से NSD तक का सफर

अनूप सोनी का जन्म 30 जनवरी 1975 को पंजाब के लुधियाना में हुआ था। उन्हें बचपन से ही एक्टिंग का शौक था, जिसे उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से ट्रेनिंग लेकर प्रोफेशनल करियर में बदल दिया। 1993 में टीवी शो शांति से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की। इस सीरियल में मंदिरा बेदी भी नजर आई थीं।

इसके बाद उन्होंने आहट, कहानी घर घर की, बालिका वधू और साया जैसे हिट सीरियल्स में काम किया। लेकिन उनकी सबसे बड़ी पहचान बनी सोनी टीवी का शो क्राइम पेट्रोल, जहां उन्होंने सालों तक जुर्म की कहानियां पेश कीं।

फिल्में और वेब सीरीज का भी हिस्सा बने

अनूप ने सिर्फ टीवी तक खुद को सीमित नहीं रखा। 1999 में फिल्म गॉडमदर से उन्होंने बड़े पर्दे पर कदम रखा। इसके बाद गंगाजल, फिजा, अपहरण, फुटपाथ जैसी फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाया। हाल के दिनों में उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी काम किया है। तांडव, द टेस्ट केस, और ढिंढोरा में उनका परफॉर्मेंस शानदार रहा।

राज बब्बर के दामाद बनने की कहानी

अनूप सोनी की पर्सनल लाइफ भी फिल्म की तरह ही रही है। 1999 में उन्होंने रितु सोनी से शादी की थी, जिससे उन्हें दो बेटियां हैं। हालांकि 2010 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद उनकी मुलाकात जूही बब्बर से हुई, जो कि राज बब्बर की बेटी हैं। जूही की पहली शादी भी टूट चुकी थी। नादिरा बब्बर द्वारा निर्देशित एक नाटक के दौरान अनूप और जूही की मुलाकात हुई। वहीं से उनकी दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने 2011 में शादी कर ली। इस शादी से उन्हें एक बेटा है जिसका नाम इमान है।

50वें जन्मदिन पर फैंस की बधाइयां

अनूप सोनी आज अपनी जिंदगी के 50वें साल में कदम रख चुके हैं। उनके फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें ढेरों बधाइयां दे रहे हैं। चाहे वो टीवी हो, फिल्में हों या वेब सीरीज अनूप सोनी ने हर जगह अपनी पहचान बनाई है। हम भी उन्हें उनके खास दिन पर ढेर सारी शुभकामनाएं देते हैं।

Exit mobile version