Site icon News1India

AR Rahman के बेटे एआर आमीन का चेन्नई में हुआ भीषण एक्सीडेंट, कार को हुआ भरी नुकसान

AR Rahman : प्रसिद्ध संगीतकार एआर रहमान के बेटे और प्लेबैक सिंगर एआर आमीन सोमवार, 10 अगस्त की सुबह चेन्नई में एक गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसा गिंडी इलाके में जवाहरलाल नेहरू रोड पर ओलंपिया टेक पार्क सिग्नल के पास करीब सुबह 3:30 बजे हुआ।

हादसे में आमीन की लग्जरी Porsche कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह है कि आमीन और उनके दोस्त भार्गव सुरक्षित हैं और उन्हें केवल मामूली चोटें आई हैं।

तेज रफ्तार Wagon-R ने मारी टक्कर

पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एआर आमीन अपने दोस्त भार्गव के साथ कोयम्बेडु से गिंडी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक साइड रोड से मुख्य सड़क पर आई तेज रफ्तार Wagon-R टैक्सी ने उनकी Porsche को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन काफी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल से मिली छुट्टी

दुर्घटना के बाद एआर आमीन और उनके दोस्त को कावेरी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मामूली चोटों के लिए प्राथमिक उपचार दिया और बाद में अस्पताल से छुट्टी दे दी।

वहीं, Wagon-R टैक्सी के चालक और उसमें सवार यात्री भी घायल हुए हैं। उन्हें कलैग्नार सेंटेनरी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद चेन्नई अड्यार ट्रैफिक इन्वेस्टिगेशन विंग (TIW) ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और इसमें किसकी गलती थी, इसकी जांच की जा रही है।

एआर आमीन के सुरक्षित होने की खबर सामने आने के बाद उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत जगत से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली है।

Exit mobile version