Armaan Malik Birthday: 9 साल की उम्र में रियलिटी शो से शुरू हुआ सफर, आज दुनियाभर में छाई है आवाज

अरमान मलिक ने महज 9 साल की उम्र में 'सा रे गा मा पा लिटिल चैंप्स' से अपने संगीत सफर की शुरुआत की थी। चाइल्ड सिंगर से लेकर सफल प्लेबैक सिंगर बनने तक उन्होंने कई भाषाओं में सुपरहिट गाने गाए और आज भारतीय संगीत जगत के सबसे लोकप्रिय कलाकारों में शामिल हैं।

Armaan Malik Birthday: बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक अरमान मलिक आज अपनी सुरीली आवाज और शानदार गायकी के दम पर देश-विदेश में लाखों फैंस के दिलों पर राज करते हैं। 22 जुलाई 1995 को मुंबई में जन्मे अरमान ऐसे परिवार से आते हैं, जहां संगीत पीढ़ियों से जुड़ा रहा है। उनके दादा सरदार मलिक प्रसिद्ध संगीतकार थे, पिता डब्बू मलिक संगीतकार हैं और चाचा अनु मलिक बॉलीवुड के जाने-माने म्यूजिक डायरेक्टर हैं।

महज 9 साल की उम्र में पहुंचे रियलिटी शो

अरमान ने चार साल की उम्र से हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की ट्रेनिंग लेना शुरू कर दी थी। साल 2006 में उन्होंने मशहूर सिंगिंग रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा लिटिल चैंप्स’ में हिस्सा लिया। उस समय उनकी उम्र करीब 9 वर्ष थी। अपनी मधुर आवाज और शानदार प्रस्तुति के दम पर उन्होंने टॉप-7 प्रतिभागियों में जगह बनाई और अपनी प्रतिभा से सभी का ध्यान खींचा।

चाइल्ड सिंगर से प्लेबैक स्टार तक का सफर

रियलिटी शो के बाद अरमान ने बतौर चाइल्ड सिंगर बॉलीवुड में कदम रखा। उन्होंने फिल्म ‘तारे ज़मीन पर’ के लोकप्रिय गीत ‘बम बम बोले’ में अपनी आवाज दी। इसके बाद ‘भूतनाथ’ सहित कई फिल्मों के लिए भी गाया। उन्होंने ‘माय नेम इज़ खान’ में एक बच्चे की आवाज की हिंदी डबिंग भी की और ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ के रेडियो वर्जन का भी हिस्सा रहे।

‘जय हो’ से मिली बड़ी पहचान

साल 2014 में सलमान खान की फिल्म ‘जय हो’ के गाने ‘तुमको तो आना ही था’ ने अरमान मलिक को बतौर प्लेबैक सिंगर नई पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने ‘मैं रहूं या ना रहूं’, ‘चले आना’, ‘बेसब्रियां’, ‘क्यों रब्बा’ और ‘ठहर जा’ जैसे कई सुपरहिट गाने गाए। वह हिंदी के अलावा तेलुगु, कन्नड़, बंगाली, मराठी, गुजराती और अंग्रेजी भाषा में भी गाने रिकॉर्ड कर चुके हैं।

देश ही नहीं, विदेशों में भी लोकप्रिय

अरमान मलिक आज भारतीय संगीत जगत के सबसे लोकप्रिय युवा गायकों में गिने जाते हैं। रोमांटिक गानों से लेकर इंडी-पॉप और इंटरनेशनल म्यूजिक तक उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। सोशल मीडिया और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर उनके गानों को करोड़ों बार सुना जा चुका है।

 

Exit mobile version