Avengers Doomsday: मार्वल की बहुप्रतीक्षित फिल्म एवेंजर्स: डूम्सडे को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म 18 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इससे पहले इसका फाइनल ट्रेलर जारी कर दिया गया है, जिसने रिलीज होते ही इंटरनेट पर धूम मचा दी। खास बात यह है कि इस ट्रेलर ने फिल्म के पिछले व्यूज रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।
एवेंजर्स: डूम्सडे के फाइनल ट्रेलर को रिलीज के पहले 24 घंटों में 563 मिलियन यानी करीब 56.3 करोड़ व्यूज मिले हैं। इससे पहले फिल्म के एक टीजर ने शुरुआती 24 घंटों में 503 मिलियन व्यूज हासिल किए थे। इस तरह नए ट्रेलर ने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए शानदार प्रदर्शन किया है।
हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में व्यूज मिलने के बावजूद डूम्सडे का ट्रेलर अब तक का सबसे ज्यादा देखा गया मूवी ट्रेलर नहीं बन पाया है। इस मामले में सोनी की फिल्म स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे अभी भी पहले स्थान पर बनी हुई है।
स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे से रह गया पीछे
एवेंजर्स: डूम्सडे का फाइनल ट्रेलर भारत में हिंदी, अंग्रेजी, तमिल और तेलुगु समेत चार भाषाओं में रिलीज किया गया है। सभी भाषाओं के व्यूज मिलाकर इसे पहले 24 घंटों में 563 मिलियन व्यूज मिले हैं। इसके बावजूद यह स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सका।
स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे के आधिकारिक ट्रेलर को रिलीज के पहले 24 घंटों में 718.6 मिलियन यानी करीब 71.86 करोड़ व्यूज मिले थे। यही वजह है कि वह इस सूची में पहले नंबर पर बना हुआ है। वहीं, डूम्सडे का फाइनल ट्रेलर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
सबसे ज्यादा देखे गए टॉप 10 ट्रेलर
पहले 24 घंटों में सबसे ज्यादा व्यूज हासिल करने वाले ट्रेलरों की सूची में कई बड़ी हॉलीवुड फिल्मों के नाम शामिल हैं। इस सूची में मार्वल की फिल्मों का दबदबा साफ दिखाई देता है।
1. स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे (ऑफिशियल ट्रेलर) – 718.6 मिलियन व्यूज
2. एवेंजर्स: डूम्सडे (फाइनल ट्रेलर) – 563 मिलियन व्यूज
3. एवेंजर्स: डूम्सडे (ऑफिशियल टीजर) – 503 मिलियन व्यूज
4. डेडपूल एंड वूल्वरिन (ऑफिशियल टीजर) – 365 मिलियन व्यूज
5. स्पाइडर-मैन: नो वे होम (ऑफिशियल टीजर ट्रेलर) – 355.5 मिलियन व्यूज
6. एवेंजर्स: एंडगेम (टीजर ट्रेलर) – 289 मिलियन व्यूज
7. एवेंजर्स: एंडगेम (ऑफिशियल ट्रेलर) – 268 मिलियन व्यूज
8. सुपरमैन (ऑफिशियल टीजर ट्रेलर) – 250 मिलियन व्यूज
9. ट्रांसफॉर्मर्स: राइज ऑफ द बीस्ट्स (टीजर ट्रेलर) – 238 मिलियन व्यूज
10. एवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर (टीजर ट्रेलर) – 230 मिलियन व्यूज
भारत में एक दिन पहले रिलीज होगी फिल्म
एवेंजर्स: डूम्सडे दुनियाभर के सिनेमाघरों में 18 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। हालांकि, भारतीय दर्शकों को यह फिल्म एक दिन पहले देखने का मौका मिलेगा। भारत में फिल्म 17 दिसंबर से सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ट्रेलर को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।

