Bigg Boss 20: बिग बॉस 20’ की शुरुआत से पहले ही शो को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। मेकर्स की ओर से अभी सिर्फ दो कंटेस्टेंट्स के नामों की आधिकारिक जानकारी दी गई है। इसी बीच रीति तिवारी के शो में शामिल होने की खबर सामने आई है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, रीति तिवारी इस साल ‘बिग बॉस’ के जरिए रियलिटी टीवी पर नजर आ सकती हैं। हालांकि, उनकी एंट्री को लेकर अभी मेकर्स की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
कौन हैं रीति तिवारी?
रीति तिवारी भोजपुरी अभिनेता और राजनेता मनोज तिवारी की पहली संतान हैं। वह मनोज तिवारी और उनकी पहली पत्नी रानी तिवारी की बेटी हैं। रीति ने अपने पिता की तरह एक्टिंग को करियर नहीं बनाया है।
वह म्यूजिक के क्षेत्र में काम करती हैं और अपने यूट्यूब चैनल के जरिए भी सक्रिय हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वह खुद गानों को कंपोज और प्रोड्यूस करती हैं। इसके अलावा रीति ‘रीति स्पोर्ट्स’ की डायरेक्टर और एक ज्वेलरी फर्म की को-फाउंडर भी बताई जाती हैं।
मुंबई से की पढ़ाई
रीति तिवारी ने मुंबई के जमनाबाई नरसी स्कूल से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की है। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में काम किया। मनोरंजन से जुड़े काम के साथ उनकी पहचान बिजनेस और म्यूजिक के क्षेत्र में भी बनी है।
इस साल इससे पहले उनका नाम एक अन्य रियलिटी शो ‘अलयांस’ से भी जोड़ा गया था। हालांकि, वह उस शो में नजर नहीं आई थीं।
राजनीति में भी रख चुकी हैं कदम
रीति तिवारी ने 2024 में राजनीति में कदम रखा। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उन्होंने राजनीति में आने के बारे में पहले से नहीं सोचा था और उन्हें लगा था कि यह उनके जीवन में शायद काफी बाद में होगा।
अब ‘बिग बॉस 20’ में उनके शामिल होने की खबर ने फैंस की दिलचस्पी बढ़ा दी है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि के लिए मेकर्स की घोषणा का इंतजार करना होगा।
