Site icon News1India

Comedian Controversy: बिहारी महिलाओं के सिंदूर पर भद्दा मजाक,क्यों घिरे यश माहेश्वरी, क्या माफी से शांत होगा बवाल?

Comedian Controversy: यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर 21 नवंबर को एक स्टैंड-अप कॉमेडी का वीडियो पोस्ट किया, जो दिल्ली-एनसीआर में हुए उनके शो का बताया जा रहा है। इसमें उन्होंने बिहार की महिलाओं की मांग में लगे सिंदूर की लंबाई को उनके पति के लिंग की लंबाई से जोड़ दिया। वीडियो में कुछ दर्शकों के हंसने की आवाज भी आ रही है। यश की इस बात पर सोशल मीडिया यूजर्स भड़क गए और इसे अश्लील टिप्पणी बताते हुए बिहार की महिलाओं का अपमान करार दिया। यूजर्स ने कहा कि छठ जैसे महापर्व की आस्था पर इस तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कॉमेडियन के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कई लोगों ने बिहार पुलिस को टैग करते हुए तुरंत एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

एफआईआर की मांग

यश माहेश्वरी की इस स्टैंड-अप कॉमेडी के शॉर्ट वीडियो और रील्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। यूजर्स बिहार की महिलाओं के सिंदूर का अपमान बताते हुए कॉमेडियन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करने लगे। कई लोगों ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से जल्द कार्रवाई की अपील की। खबर लिखे जाने तक कॉमेडियन के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि, बिहार में कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉमेडियन के खिलाफ हर जिले में केस दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि महिलाओं की भावनाओं और आस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

रितु जायसवाल बोलीं- छठ की अस्मिता से खिलवाड़ नहीं

भाजपा नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता रितु जायसवाल ने कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ हर जिले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि छठ महापर्व की आस्था और अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस शख्स के खिलाफ ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई हो कि इसे अपनी गलती का एहसास हो और अगली छठ में हमारे महापर्व की महानता का साक्षात दर्शन कर सके। रितु जायसवाल लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं और वे सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। उनके इस पोस्ट को कई लोगों ने साझा किया और कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को और मजबूत किया।

माफी से शांत होगा बवाल?

विवाद बढ़ने पर कॉमेडियन ने सार्वजनिक माफी मांगी है। यश ने कहा कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और आगे से वह ऐसी टिप्पणी नहीं करेंगे। यश माहेश्वरी ने यूट्यूब वीडियो में बताया कि वह राजस्थान के रहने वाले हैं। यूट्यूब पर उनके 29 हजार सब्सक्राइबर हैं, जबकि इंस्टाग्राम अकाउंट बंद बताया जा रहा है। हालांकि, माफी के बाद भी सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा शांत होता नहीं दिख रहा है। कई यूजर्स का कहना है कि सिर्फ माफी से काम नहीं चलेगा, कानूनी कार्रवाई जरूरी है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या कॉमेडियन की माफी से बवाल शांत हो पाता है।

Exit mobile version