Divyanka Tripathi: टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया के लिए इस बार दिवाली खुशियों के बजाय एक दर्दनाक याद छोड़ गई। दिवाली से एक रात पहले उनकी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में बिल्डिंग के गार्ड धनपत अंकल की मौत हो गई। उनके निधन से दिव्यांका और विवेक गहरे सदमे में हैं। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें याद किया और बताया कि वह उनके परिवार का अहम हिस्सा थे।
बच्चों को आशीर्वाद देने वालों में सबसे पहले थे धनपत अंकल
दिव्यांका ने अपने पोस्ट में बताया कि जब वह पहली बार अपने बच्चों को घर लेकर आई थीं, तब धनपत अंकल उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने उनका स्वागत किया और बच्चों को आशीर्वाद दिया। वह सिर्फ बिल्डिंग के गार्ड नहीं थे, बल्कि परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुके थे।
एक्ट्रेस ने लिखा कि उन्होंने सोचा था कि धनपत अंकल उनके बेटों को बड़ा होते देखेंगे। बच्चे उनके साथ खेलेंगे और परिवार के साथ उनके कई यादगार पल होंगे। लेकिन अब ये सारी कल्पनाएं अधूरी रह गईं।
दिवाली से एक रात पहले बिल्डिंग में लगी आग
दिव्यांका के मुताबिक, दिवाली और विवेक के जन्मदिन से एक रात पहले उनकी बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लग गई। उस शाम परिवार ने बाहर जाने का प्लान बनाया था, लेकिन किसी वजह से उन्हें निकलने में देरी होती रही।
हादसे के समय दिव्यांका और विवेक घर पर ही थे। इस वजह से उन्हें समय रहते खतरे का पता चल गया और वे अपने बच्चों, परिवार और स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकल पाए। शुरुआत में उन्हें लगा कि परिवार सिर्फ एक डरावने अनुभव और सामान के नुकसान से बचकर निकल आया है, लेकिन धनपत अंकल के निधन की खबर ने उन्हें तोड़ दिया।
हादसे के बाद भी सामान्य नहीं हो पाए हालात
एक्ट्रेस ने बताया कि हादसे के बाद वह और विवेक एक दोस्त के घर पर रुके थे। दोनों लगातार उम्मीद और प्रार्थना कर रहे थे कि धनपत अंकल को लेकर आई खबर सच न हो।
दिवाली के आसपास बिजली की व्यवस्था धीरे-धीरे बहाल हुई। सुरक्षा जांच के बाद गैस सप्लाई और लिफ्ट भी दोबारा शुरू कर दी गईं, लेकिन परिवार के लिए हालात पहले जैसे नहीं रहे।
‘हम आपको बहुत याद करेंगे’
दिव्यांका ने अपने संदेश में धनपत अंकल को याद करते हुए लिखा कि वह उनके परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा थे। उन्होंने भरोसा जताया कि जब उनके बेटे बड़े होंगे, तो वे उन्हें उस अच्छे इंसान के बारे में बताएंगे, जिसने घर आने पर उनका स्वागत किया और आशीर्वाद दिया था।
एक्ट्रेस ने कहा कि किसी की मौजूदगी को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए। धनपत अंकल के जाने से उनके घर में ऐसा खालीपन आ गया है, जिसे कोई रोशनी दूर नहीं कर सकती।


















