नई दिल्ली ऑनलाइन डेस्क। रूपहले पर्दे पर पुष्पा 2 धमाल मचाए हुए है। थियेटर्स पर दर्शकों की कतारें हैं और फिल्म ने अभी तक करोड़ों की कमाई कर ली है। पर फिल्म अब एक्टर अल्लू अर्जुन के लिए भारी पड़ने लगी है। देश के कई शहरों में पुष्पा 2 को लेकर बवाल हुए। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। कुछ ऐसा ही घटना हैदराबाद में हुई। जहां भगदड़ के दौरान एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने अल्लू अर्जुन पर मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया। हालांकि गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद ही उन्हें जमानत बता दें, मृतका के पति की तरफ से अल्लू-अर्जुन को क्लीनचिट दे दी गई थी। फिर भी पुलिस ने अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। जिस पर बीजेपी ने तेलंगाना के सीएम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मिल गई है।
किस वजह से अल्लू अर्जुन पर दर्ज हुई FIR
बता दें, 4 दिसंबर को हैदराबाद के संध्या थिएटर में जब अल्लू अर्जुन पहुंचे, तो उन्हें देखने के लिए लोगों के बीच भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में एक 39 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उसका बेटा नाजुक स्थिति में पहुंच गया। चिक्कड़पल्ली पुलिस ने थिएटर के मालिक के साथ-साथ बालकनी के सुपरवाइजर और थिएटर के मैनेजर को गिरफ्तार किया था। साथ ही एक्टर अल्लू अर्जुन पर भी केस दर्ज किया। हैदराबाद पुलिस ने अल्लू अर्जुन को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उनके घर से हिरासत में लेकर थाने पहुंची और पूछताछ की। एक्टर की मेडिकल जांच के बाद उन्हें लोअर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने अल्लू अर्जुन को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।
एक्टर अल्लू अर्जुन को स्वतंत्रता का अधिकार
अल्लू अर्जुन ने कोर्ट के इस फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दी और अंतरिम जमानत की याचिका दायर की। तेलंगाना हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी के चंद घंटों के अंदर ही अल्लू अर्जुन को अंतरिम जमानत दे दी। साथ ही सुनवाई के दौरान कहा कि एक्टर को स्वतंत्रता का अधिकार है। वह एक्टर हैं, सिर्फ इसलिए उनके साथ ऐसा नहीं किया जा सकता। एक्टर अल्लू अर्जुन ने हाई कोर्ट में दायर याचिका में कहा कि संध्या थिएटर में जो भगदड़ हुई, उसके लिए वह जिम्मेदार नहीं हैं। उन्होंने दो दिन पहले ही पुलिस को अपने आने की जानकारी दे दी थी। याचिका में एक्टर ने यह भी कहा है कि उन्होंने थिएटर मैनेजमेंट से अतिरिक्त सुरक्षा भी मांगी थी, पर पुलिस ने मुहैया नहीं करवाई।
मृतका के पति का आया बयान
सुपरस्टार की गिरफ्तारी के बाद मृत महिला रेवती के पति की तरफ से भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि वे केस वापस लेने को तैयार हैं। वे भगदड़ या अपनी पत्नी की मौत के लिए अल्लू अर्जुन को जिम्मेदार नहीं मानते हैं। रेवती के पति भास्कर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, मेरा बेटा फिल्म देखना चाहता था इसलिए मैं उसे संध्या थिएटर ले गया था। वहां अल्लू अर्जुन आए, लेकिन इसके उनकी कोई गलती नहीं थी। हम केस वापस लेने को तैयार हैं। पुलिस ने मुझे उन्हें गिरफ्तार करने के बारे में सूचित नहीं किया। जब मैं अस्पताल पहंचा, तो मैंने अपने मोबाइल पर अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी की खबर देखी। अल्लू अर्जुन का उस घटना से कोई संबंध नहीं है और वह थिएटर में आए थे.।
बीजेपी नेता ने सरकार पर लगाए आरोप
बीजेपी नेता टी राजा सिंह ने ‘पुष्पा 2’ फेम सुपरस्टार की गिरफ्तारी पर तेलंगाना सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘तेलंगाना पुलिस का दावा है कि अल्लू अर्जुन ने उन्हें संध्या थिएटर में अपनी एंट्री के बारे में सूचित नहीं किया। नतीजतन, भारी संख्या में वहां भीड़ जमा हो गई, जिसके कारण भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई। थिएटर मालिक और अभिनेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। हालांकि, थिएटर मालिक ने एक पत्र जारी कर दावा किया कि उन्होंने अल्लू अर्जुन, अभिनेताओं और निर्देशक के एंट्री के बारे में हैदराबाद के पुलिस आयुक्त को सूचित किया था। अगर सूचना के बाद पुलिस ने सुरक्षा प्रदान नहीं की, दोषी कौन है। मैं सीएम रेवंत रेड्डी से पूछता हूं कि क्या एक्टर दोषी हैं.।
अल्लू-अर्जुन को साजिश के तहत फंसाया गया
बीजेपी नेता टी राजा ने आगे कहा, सीएम ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है, लेकिन जब से कांग्रेस सरकार आई है, कानून कहां है?। तेलंगाना में सत्ता, कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है, मैं उनकी गिरफ्तारी की निंदा करता हूं.। एक्टर अल्लू-अर्जुन को राजनीति साजिश के तहत मुकदमे में फंसाया गया है। मृतका के पति ने भी अल्लू-अर्जुन को दोषी नहीं माना। किसके इशारे पर पुलिस ने आनन-फानन में अल्लू अर्जुन को अरेस्ट किया। टी राजा ने कहा कि पुलिस किसी के इशारे पर अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया। जिसकी हम जांच की मांग करते हैं। हाईकोर्ट ने भी अल्लू-अर्जुन को दोषी नहीं माना और जमानत दे दी।