Met Gala 2026: दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फैशन इवेंट Met Gala 2026 में इस बार भारतीय शान और परंपरा की खास झलक देखने को मिली। Isha Ambani ने अपने अनोखे और कलात्मक लुक से न्यूयॉर्क के मंच पर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भारतीय संस्कृति और आधुनिक फैशन के संगम को दर्शाते उनके इस अंदाज ने अंतरराष्ट्रीय फैशन जगत में एक अलग पहचान बनाई।
सोमवार रात आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में ईशा अंबानी ने मशहूर डिजाइनर Gaurav Gupta द्वारा डिजाइन की गई खास कस्टम साड़ी पहनी, जिसे भारतीय कारीगरों के सहयोग से तैयार किया गया था। यह लुक भारतीय शिल्पकला और विरासत की खूबसूरती को वैश्विक मंच पर पेश करने वाला साबित हुआ।
साड़ी में दिखी भारतीय परंपरा की झलक
ईशा अंबानी की साड़ी शुद्ध सोने के धागों से बुनी गई थी। इस पर हाथ से तैयार पिछवाई कला से प्रेरित डिजाइन उकेरे गए थे, जो भारतीय कला की समृद्ध परंपरा को दर्शाते हैं।
हल्के सुनहरे और मिट्टी के रंगों में तैयार यह साड़ी अपने खास मूर्तिकलात्मक ड्रेप की वजह से बेहद आकर्षक लग रही थी। इस डिजाइन ने उनके पूरे लुक को एक कलात्मक रूप दिया।
ब्लाउज और ऐतिहासिक सरपेच ने बढ़ाई शाही भव्यता
ईशा के ब्लाउज को हीरे और धातु की जरदोजी से सजाया गया था। खास बात यह रही कि यह ब्लाउज उनकी मां Nita Ambani के निजी कलेक्शन से लिया गया था।
इसके साथ उन्होंने एक ऐतिहासिक सरपेच भी कैरी किया, जिसे कभी निज़ाम के शाही संग्रह का हिस्सा माना जाता है। इसने उनके पूरे लुक को रॉयल टच दिया।
हेयर स्कल्पचर बना फैशन स्टेटमेंट
ईशा ने अपने लुक को चमेली से प्रेरित खास हेयर स्कल्पचर के साथ पूरा किया। यह पारंपरिक मोगरा गजरे का आधुनिक रूप था, जिसे कागज, तांबा और पीतल से तैयार किया गया।
इस खास डिजाइन को बनाने में करीब 150 घंटे का समय लगा, जो इसकी बारीकी और मेहनत को दर्शाता है।
आम की मूर्ति बनी सबसे खास आकर्षण
ईशा के लुक में सबसे ज्यादा चर्चा कलाकार Subodh Gupta द्वारा बनाई गई आम के आकार की मूर्ति की रही। यह सिर्फ एक आभूषण नहीं बल्कि भारतीय विरासत और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक था।
भारत के राष्ट्रीय फल आम को इस लुक का हिस्सा बनाकर उन्होंने अपनी प्रस्तुति को और भी खास बना दिया।
ज्वेलरी ने बढ़ाई लुक की चमक
ईशा अंबानी की ज्वेलरी में Nita Ambani के निजी संग्रह के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय डिजाइनर लॉरेन श्वार्ट्ज और कांतिलाल छोटालाल के डिजाइन शामिल थे।इन आभूषणों ने उनके पूरे लुक को और अधिक भव्य और आकर्षक बना दिया।
