Isha Koppikar Statement: ट्रोलिंग और अनफॉलो से नहीं डरतीं ईशा कोप्पिकर, बोलीं- ‘हां, मैं अंधभक्त हूं, अपने देश के लिए’

ईशा कोप्पिकर ने ट्रोलिंग और अनफॉलो किए जाने के बावजूद अपनी राजनीतिक और राष्ट्रवादी सोच पर कायम रहने की बात कही है। अभिनेत्री ने कहा कि वह फॉलोअर्स के दबाव में अपनी राय नहीं बदलेंगी और अलग सोच रखने वाले लोगों का भी सम्मान करती हैं।

Isha Koppikar Statement: बॉलीवुड की ‘खल्लास गर्ल’ ईशा कोप्पिकर एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में NEET पेपर लीक से जुड़े छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की आलोचना करने के बाद अभिनेत्री को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। अब एक इंटरव्यू में ईशा ने साफ कर दिया है कि वह अपनी राय रखने से पीछे नहीं हटेंगी।

‘बहुत लोगों ने मुझे अंधभक्त कहा, हूं मैं’

फिल्मीबीट से बातचीत में ईशा कोप्पिकर ने कहा कि सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उन्हें अनफॉलो किया, लेकिन इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। अभिनेत्री ने कहा कि कुछ लोग उन्हें ‘अंधभक्त’ कहते हैं और वह इसे लेकर शर्मिंदा नहीं हैं।

ईशा ने कहा, “हां, मैं अंधभक्त हूं। अपने देश के लिए।” उन्होंने अपनी राष्ट्रवादी सोच को अपना अभिमान बताते हुए कहा कि वह अपने विचारों से पीछे हटने वाली नहीं हैं।

‘अपनी राय बताने से पीछे क्यों हटूं?’

ईशा से जब पूछा गया कि क्या वह अपने पुराने बयान से पीछे हटेंगी, तो उन्होंने सवाल किया कि पीछे हटने का मतलब ही क्या है। अभिनेत्री ने कहा कि वह किसी को जानबूझकर दुख पहुंचाने के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन अपनी राय रखना उनका अधिकार है।

उन्होंने कहा कि उनकी सोच काफी स्पष्ट है और वह अपनी बात रखने से केवल इसलिए पीछे नहीं हटेंगी कि किसी को उनकी राय पसंद नहीं आ रही।

फॉलोअर्स के लिए राय बदलने वालों पर तंज

ईशा ने कुछ सेलिब्रिटीज पर भी निशाना साधा, जो कथित तौर पर फॉलोअर्स या सोशल मीडिया प्रतिक्रिया के डर से अपनी राय खुलकर रखने से बचते हैं। उन्होंने कहा कि सेलिब्रिटी होने के नाते किसी व्यक्ति के पास लोगों को प्रभावित करने की ताकत होती है।

अभिनेत्री के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति किसी बात में विश्वास रखता है तो उसे केवल फैंस या फॉलोअर्स खोने के डर से अपनी सोच नहीं बदलनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने अलग राय रखने वाले लोगों का सम्मान करने की बात भी कही।

छात्रों के प्रदर्शन पर भी जताई थी आपत्ति

जुलाई में जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान ईशा ने कई सोशल मीडिया पोस्ट किए थे। उन्होंने छात्रों के सरकार से सवाल पूछने के अधिकार का समर्थन किया, लेकिन कथित गाली-गलौज और आपत्तिजनक भाषा की आलोचना की थी।

ईशा ने यह भी कहा था कि अगर देश से प्यार करने की वजह से उन्हें कोई ‘अंधभक्त’ कहता है, तो वह इसे लेकर शर्मिंदा नहीं होंगी।

Exit mobile version