Janhvi Kapoor South OTT Debut: बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर इन दिनों हिंदी सिनेमा के साथ-साथ साउथ इंडस्ट्री में भी लगातार अपनी जगह बना रही हैं। जूनियर एनटीआर और राम चरण जैसे बड़े सितारों के साथ काम करने के बाद अब जान्हवी साउथ में ओटीटी की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्ट्रेस तमिल वेब सीरीज ‘कुरथी’ के जरिए अपना साउथ ओटीटी डेब्यू कर सकती हैं।
‘कुरथी’ से OTT पर आएंगी जान्हवी
जान्हवी कपूर ने साल 2018 में फिल्मी करियर की शुरुआत की थी और अब तक बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। साउथ फिल्मों में भी वह बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर कर चुकी हैं। अब वह बड़े पर्दे के बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी नई पारी शुरू करने की तैयारी में हैं।
तेलुगु123 की रिपोर्ट के अनुसार, जान्हवी के पास तमिल सीरीज ‘कुरथी’ है। इसे नेटफ्लिक्स पर रिलीज किए जाने की बात कही जा रही है। रिपोर्ट्स में दावा है कि इस सीरीज का निर्देशन सरकुनम कर सकते हैं। हालांकि, कहानी, स्टारकास्ट और रिलीज डेट को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
‘पेद्दी’ में राम चरण के साथ आई थीं नजर
जान्हवी कपूर हाल ही में तेलुगु फिल्म ‘पेद्दी’ में राम चरण के साथ नजर आई थीं। यह एक्शन-स्पोर्ट्स फिल्म 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में राम चरण ने पेद्दी का किरदार निभाया था, जबकि जान्हवी अचियम्मा के रोल में नजर आई थीं।
बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म का कथित बजट करीब 350 करोड़ रुपये था। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 366 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, हालांकि बड़े बजट की वजह से इसे अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
इन फिल्मों में भी नजर आएंगी जान्हवी
साउथ में ‘कुरथी’ के अलावा जान्हवी के पास कई अन्य प्रोजेक्ट्स भी हैं। वह ‘देवरा पार्ट 2’ में जूनियर एनटीआर के साथ दिखाई देंगी। इसके अलावा उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट्स में ‘दोस्ताना 2’ और ‘लग जा गले’ शामिल हैं।
जान्हवी के पास एक अनटाइटल्ड हॉरर फिल्म भी बताई जा रही है। ऐसे में आने वाले समय में उनका फोकस बॉलीवुड के साथ-साथ साउथ सिनेमा और OTT पर भी नजर आएगा।
