Javed Akhtar Statement: बॉलीवुड के मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर अपने बेबाक विचारों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में भगवान राम को लेकर दिया गया उनका एक बयान चर्चा में आ गया है। जावेद अख्तर ने कहा कि राम किसी एक धर्म तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हर भारतीय की जीवनशैली और नैतिकता का हिस्सा हैं। उनके इस बयान पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने जावेद अख्तर को अपना नाम बदलकर ‘राम पाल’ रखने तक की सलाह दे दी।
जावेद अख्तर ने राम को लेकर क्या कहा?
जावेद अख्तर फिल्म ‘रामायण’ और अपने लिखे गाने ‘पल पल है भारी’ का जिक्र कर रहे थे। यह गाना शाहरुख खान की फिल्म ‘स्वदेस’ में शामिल था। इसकी पंक्ति ‘मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में है’ पर बात करते हुए उन्होंने राम के विचार को किसी एक धर्म से ऊपर बताया।
उन्होंने कहा कि राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि नैतिकता और जीवन जीने के तरीके का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इंसान किसी भी धर्म को मानता हो, राम हर भारतीय के खून में हैं और हमारी जीवनशैली का हिस्सा हैं।
मौलाना साजिद रशीदी ने उठाए सवाल
उनके बयान पर मौलाना साजिद रशीदी ने नाराजगी जताई। एएनआई से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि जावेद अख्तर ऐसे बयान अपने फायदे और कमाई के लिए देते हैं। मौलाना ने उन्हें बिजनेसमैन बताते हुए कहा कि बॉलीवुड में गाने बिकते हैं और इस तरह के बयानों से उन्हें फायदा मिल सकता है।
‘अपना नाम बदलकर राम पाल रख लें’
मौलाना रशीदी ने जावेद अख्तर के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि वह कई मंचों पर खुद को नास्तिक बता चुके हैं और किसी धर्म को नहीं मानने की बात कहते रहे हैं। इसी का जिक्र करते हुए उन्होंने तंज कसा कि अगर जावेद अख्तर राम को इतना मानते हैं, तो उन्हें अपना नाम बदलकर ‘राम पाल’ रख लेना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा नाम उन पर ज्यादा जंचेगा और देश की बहुसंख्यक हिंदू आबादी उन्हें सम्मान देगी। मौलाना ने जावेद अख्तर से अपना रुख स्पष्ट रखने की बात भी कही।
परिवार और फिल्म इंडस्ट्री को लेकर भी की टिप्पणी
मौलाना रशीदी ने जावेद अख्तर के परिवार के फिल्मी पृष्ठभूमि से जुड़े होने का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के सदस्य फिल्म इंडस्ट्री में लेखन, गीत और प्रोडक्शन से जुड़े हैं और एक-दूसरे के काम की तारीफ से उन्हें फायदा होता है।
उन्होंने खुद को गर्वित मुसलमान बताते हुए कहा कि जावेद अख्तर को एक स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। फिलहाल इस बयानबाजी के बाद दोनों के विचारों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

