News1India

Jr NTR Injury: शूटिंग के बीच घायल हुए जूनियर एनटीआर, डॉक्टरों ने 6 से 8 हफ्ते आराम की दी सलाह

 Jr NTR Injury:  तेलुगू सुपरस्टार जूनियर एनटीआर के फैंस के लिए चिंता की खबर सामने आई है। अभिनेता के कंधे में चोट लग गई है, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। उनकी टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है और अभिनेता की हालत स्थिर है।

डॉक्टरों ने 6 से 8 हफ्ते आराम की दी सलाह

जूनियर एनटीआर की टीम के मुताबिक, शनिवार शाम अभिनेता के कंधे में चोट लगी। इसके बाद डॉ. जे. मधुसूदन राव और डॉ. आर. ए. पुरमचंद्र तेजस्वी की अगुवाई में डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की। मेडिकल टीम ने उन्हें पूरी तरह स्वस्थ होने के लिए 6 से 8 सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी है। टीम ने यह भी कहा कि उनकी सेहत से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।

कैसे लगी चोट, अभी नहीं हुआ खुलासा

हालांकि टीम ने यह स्पष्ट नहीं किया कि जूनियर एनटीआर को चोट कैसे लगी। वह इन दिनों निर्देशक प्रशांत नील की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ड्रैगन’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि चोट शूटिंग के दौरान लगी हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

‘ड्रैगन’ में निभाएंगे दमदार किरदार

फिल्म ‘ड्रैगन’ की कहानी वर्ष 1967 की पृष्ठभूमि पर आधारित है और अफीम के कारोबार तथा ‘अफगान ट्रेडिंग कंपनी’ के इर्द-गिर्द घूमती है। जूनियर एनटीआर इसमें ‘लूगर’ नाम के एक खतरनाक हत्यारे की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में रुक्मिणी वसंत, अनिल कपूर, बीजू मेनन, आशुतोष राणा, गुरु सोमसुंदरम, खुशबू सुंदर, राजीव कनकाला और सिद्धांत गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

अब 2027 में रिलीज होगी फिल्म

मैत्री मूवी मेकर्स और एनटीआर आर्ट्स के बैनर तले बन रही ‘ड्रैगन’ पहले जून 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन इसकी रिलीज टाल दी गई। अब यह फिल्म 11 जून 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Exit mobile version