Site icon News1India

Kangana Ranaut और Javed Akhtar के बीच पांच साल पुराना विवाद खत्म, कोर्ट में समझौते के बाद शेयर की मुस्कुराती तस्वीर

kangana

Kangana Ranaut : बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं और राजनीति में आने के बाद भी वह खुलकर हर मुद्दे पर अपनी राय रखती हैं। पांच साल पहले गीतकार और लेखक जावेद अख्तर के साथ शुरू हुआ कानूनी विवाद अब आखिरकार समाप्त हो गया है। हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में देने वाले मशहूर गीतकार जावेद अख्तर अपनी स्पष्टवादिता के लिए पहचाने जाते हैं। साल 2020 में कंगना रनौत के साथ उनका कानूनी विवाद शुरू हुआ था, जिसे अब दोनों ने आपसी समझौते के जरिए सुलझा लिया है।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

यह मामला 2016 में कंगना रनौत और ऋतिक रोशन के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। उस समय कंगना ने एक इंटरव्यू में जावेद अख्तर के साथ हुई मुलाकात का जिक्र किया था। चूंकि जावेद अख्तर को रोशन परिवार का करीबी माना जाता है, इसलिए इस इंटरव्यू के बाद उन्होंने कंगना पर मानहानि का मुकदमा दायर किया था। अब, सालों बाद, दोनों ने इस विवाद को खत्म करने का फैसला किया और कानूनी लड़ाई को आपसी सहमति से सुलझा लिया।

समझौते के बाद कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने जावेद अख्तर के प्रति आभार जताया। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने लिखा, “आज जावेद जी और मैंने अपने कानूनी मामले को मध्यस्थता के जरिए सुलझा लिया। इस पूरी प्रक्रिया में जावेद जी ने बेहद दयालु और विनम्र स्वभाव दिखाया। इतना ही नहीं, उन्होंने मेरी अगली फिल्म के लिए गाने लिखने की भी सहमति दे दी है।

कोर्ट रूम से शेयर की तस्वीर

इस दौरान कंगना ने कोर्ट रूम की एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वे और जावेद अख्तर कैमरे के लिए मुस्कुराते हुए पोज देते नजर आ रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जावेद अख्तर कंगना की किस फिल्म के लिए गाने लिखते हैं। कंगना के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनकी फिल्म “इमरजेंसी” जनवरी 2025 में रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।

Exit mobile version