Social Media Trend: बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन और कंगना रनौत का वर्षों पुराना विवाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आ गया है। इस बार इंटरनेट पर ‘The World Owes an Apology to Hrithik Roshan’ ट्रेंड वायरल होने के बाद दोनों कलाकारों के नाम फिर चर्चा में आ गए। ट्रेंड पर ऋतिक की प्रतिक्रिया के बाद अब कंगना रनौत ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए तीखा जवाब दिया है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
यह मामला तब शुरू हुआ जब एक इंटरव्यू में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रवक्ता सौरभ दास ने कंगना को लेकर विवादित टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि उनके दोस्तों का मानना है कि कंगना आज भी ऋतिक रोशन के पीछे इसलिए पड़ी हैं क्योंकि उनकी शक्ल उनसे मिलती है। यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और इसके बाद ऋतिक के समर्थन में ट्रेंड शुरू हो गया।
ऋतिक के रिएक्शन पर कंगना का पलटवार
वायरल ट्रेंड पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋतिक रोशन ने कहा कि वह पूरे संदर्भ के सामने आने का इंतजार करेंगे। इसके बाद कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि उन्हें खुशी है कि ऋतिक अपनी पार्टनर सबा आजाद के साथ खुश हैं और दोनों साथ में अच्छे लगते हैं।
कंगना ने आगे कहा कि जब कोई व्यक्ति पहले से एक कमिटेड रिश्ते में हो, तब ऐसे विवादों को बढ़ावा देना या किसी महिला को ऑनलाइन ट्रोलिंग का हिस्सा बनने देना उचित नहीं है। उन्होंने ऋतिक से अपील की कि वह उन लोगों की आलोचना करें जो उनके नाम का इस्तेमाल कर किसी को निशाना बना रहे हैं।
पुराना विवाद फिर आया चर्चा में
कंगना और ऋतिक के बीच विवाद कई वर्षों से चर्चा का विषय रहा है। दोनों के बीच कानूनी नोटिस, ईमेल विवाद और सार्वजनिक बयानबाजी ने लंबे समय तक सुर्खियां बटोरी थीं। समय-समय पर यह मामला सोशल मीडिया पर फिर उभर आता है और दोनों कलाकारों के पुराने विवाद की याद दिला देता है।
