Kanika Kapoor Separation: बॉलीवुड की पॉपुलर सिंगर कनिका कपूर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने पति और बिजनेसमैन गौतम हाथीरमानी से अलग होने का ऐलान किया है। दोनों ने साल 2022 में लंदन में शादी की थी। शादी के करीब चार साल बाद कपल ने अलग होने का फैसला लिया है। कनिका ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी और लोगों से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की।
कनिका कपूर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया बयान
कनिका कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बयान साझा किया। इसमें उन्होंने लिखा कि काफी सोच-विचार करने के बाद उन्होंने और उनके पति ने अलग होने का फैसला किया है। सिंगर ने साथ बिताए समय के लिए आभार जताया और गौतम के भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि इस मुश्किल दौर में उनकी निजता का सम्मान किया जाए और उनके प्रति संवेदनशीलता बरती जाए।
अलग होने की वजह पर कनिका ने क्या कहा?
कनिका और गौतम के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से अलगाव की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब सिंगर ने खुद अलग होने की पुष्टि की है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, एक इंटरव्यू में कनिका ने स्पष्ट किया कि उनके अलग होने की वजह किसी तीसरे व्यक्ति का उनकी जिंदगी में आना नहीं है।
उन्होंने उन खबरों को भी गलत बताया, जिनमें दावा किया गया था कि वह गौतम के साथ नाइजीरिया के लागोस में नहीं रहना चाहती थीं। गौतम अपने कारोबार के सिलसिले में लागोस में रहते हैं।
‘शादी में क्या हुआ, यह सिर्फ दो लोग जानते हैं’
कनिका ने कहा कि उनकी जिंदगी में कोई और व्यक्ति नहीं है और जहां तक उन्हें पता है, गौतम की जिंदगी में भी कोई तीसरा व्यक्ति नहीं है। उन्होंने इस रिश्ते के टूटने को अपने लिए दुख और निराशा से भरा अनुभव बताया।
सिंगर ने यह भी कहा कि किसी शादी के खत्म होने पर अक्सर महिला को जिम्मेदार ठहराया जाता है, जबकि असल वजह सिर्फ उस रिश्ते में शामिल दो लोग ही जानते हैं। उन्होंने इस तरह की अटकलों और आरोपों को गलत बताया।

