Kartik Aaryan Birthday: बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन आज यानी 22 नवंबर को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। एक आउटसाइडर के तौर पर फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने वाले कार्तिक ने अपनी मेहनत और अभिनय से अलग पहचान बनाई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति करीब 250 करोड़ रुपये है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, वह एक फिल्म के लिए 40 से 50 करोड़ रुपये तक फीस लेते हैं।
लग्जरी कारों का कलेक्शन
कार्तिक आर्यन को महंगी गाड़ियों का शौक है। उनके कार कलेक्शन में मैकलारेन जीटी, लेम्बोर्गिनी उरुस, मर्सिडीज-बेंज वी-क्लास, रेंज रोवर, बीएमडब्ल्यू 5 सीरीज और मिनी कूपर एस कन्वर्टिबल जैसी गाड़ियां शामिल बताई जाती हैं। दिलचस्प बात यह है कि करियर की शुरुआत में उन्हें अपनी पहली कार खरीदने के लिए संघर्ष करना पड़ा था। उस समय उन्होंने सेकेंड हैंड कार खरीदी थी।
बाइक्स के भी शौकीन
कार्तिक का शौक सिर्फ महंगी कारों तक सीमित नहीं है। उनके बाइक कलेक्शन में डुकाटी स्क्रैम्बलर 1100, रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 और रॉयल एनफील्ड हंटर 350 जैसी बाइक शामिल बताई जाती हैं। साधारण शुरुआत से महंगी गाड़ियों और बाइक्स तक का उनका सफर उनकी आर्थिक सफलता को दर्शाता है।
फिल्मों से मिली पहचान
कार्तिक आर्यन को फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ से बड़ी पहचान मिली। इसके बाद ‘भूल भुलैया 2’ उनके करियर की बड़ी हिट साबित हुई। इस फिल्म ने दुनियाभर में 250 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। वहीं, ‘चंदू चैंपियन’ में उन्होंने अपने अभिनय का अलग अंदाज दिखाया। इन फिल्मों की सफलता ने उनके करियर और कमाई को नई ऊंचाई दी।
20 से ज्यादा ब्रांड्स
कार्तिक फिल्मों के अलावा विज्ञापन जगत में भी सक्रिय हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 20 से ज्यादा ब्रांड्स के साथ काम कर चुके हैं। उनके ब्रांड पोर्टफोलियो में अरमानी एक्सचेंज, स्केचर्स, मारुति सुजुकी और फैंटा जैसे नाम शामिल हैं। ऑटोमोबाइल, फैशन, टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल से जुड़े ब्रांड्स के साथ उनका जुड़ाव उनकी लोकप्रियता को दिखाता है।
फिल्म निर्माण में नई पारी
कार्तिक अब अभिनय के साथ फिल्म निर्माण में भी अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। उन्होंने डोपामाइन स्टूडियोज के जरिए बतौर उद्यमी नई शुरुआत की है। इसके अलावा, वह कबीर खान की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘लड़ाकू’ से निर्माता के रूप में शुरुआत करने जा रहे हैं। इस फिल्म में वह मुख्य भूमिका भी निभाएंगे।

