Jo Bachay Hain Sang Samait Lo: ट्रेलर आने के बाद बढ़ा था विवाद, फिल्म संगठनों के विरोध और सरकार की एडवाइजरी के बीच नेटफ्लिक्स ने लिया बड़ा फैसला।
पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान और माहिरा खान की आने वाली सीरीज ‘जो बच्चे हैं संग समेट लो’ इन दिनों चर्चा में है। भारत में इस शो को लेकर काफी विवाद हुआ था। अब खबर है कि नेटफ्लिक्स ने भारत में इसकी रिलीज पर रोक लगा दी है। इससे सीरीज का इंतजार कर रहे दर्शकों को बड़ा झटका लगा है।
आज तक में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने बताया है कि सरकार की 2025 की एडवाइजरी और फिल्म संगठनों के विरोध को देखते हुए नेटफ्लिक्स ने यह फैसला लिया है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर नेटफ्लिक्स इस शो को भारत में रिलीज करता है, तो संगठन इसका विरोध करेगा।
भारतीय सब्सक्राइबर्स को नहीं दिखेगी सीरीज
शो से जुड़े करीबी सूत्रों के मुताबिक, ‘जो बच्चे हैं संग समेट लो’ सीरीज भारत में नेटफ्लिक्स के सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध नहीं होगी। इसे प्लेटफॉर्म की आने वाली रिलीज लिस्ट में भी शामिल नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि नेटफ्लिक्स की टीम इस मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।
माना जा रहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनावपूर्ण हालात को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इसके साथ ही सरकार की 2025 में जारी की गई एडवाइजरी को भी इस फैसले की एक बड़ी वजह माना जा रहा है।
ट्रेलर आते ही शुरू हुआ विरोध
इस पाकिस्तानी सीरीज का ट्रेलर 24 नवंबर को रिलीज हुआ था। इसके सामने आते ही भारत में इसका विरोध शुरू हो गया। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी इस पर आपत्ति जताई थी।
दोनों संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की थी कि इस सीरीज को भारत में स्ट्रीम करने की अनुमति न दी जाए। यह शो 4 दिसंबर, 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाला था। AICWA ने कहा था कि अगर नेटफ्लिक्स ने इसे भारत में रिलीज किया, तो संगठन के सदस्य नेटफ्लिक्स के ऑफिस के बाहर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करेंगे।
AICWA ने नेटफ्लिक्स के सामने रखीं कई मांगें
ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने इस मामले में कई मांगें रखी थीं। संगठन चाहता था कि सीरीज को भारत में रिलीज न किया जाए और इसका प्रचार तुरंत बंद हो। साथ ही, सरकार की एडवाइजरी का पालन न करने पर नेटफ्लिक्स इंडिया पर बैन लगाने की मांग भी की गई थी।
इसके अलावा, संगठन ने नेटफ्लिक्स इंडिया के CEO और इस फैसले के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की थी। AICWA ने भारत में पाकिस्तानी कंटेंट के सभी माध्यमों पर पूरी तरह रोक लगाने की बात कही थी। इसमें पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट और पाकिस्तानी YouTube चैनल भी शामिल थे।
फिल्म संगठन ने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से भी अपील की थी कि वह नेटफ्लिक्स को अपना कंटेंट न दे। साथ ही, अगर प्लेटफॉर्म पाकिस्तानी शो दिखाना जारी रखता है, तो भारत में उसका बहिष्कार किया जाए।
क्या है 2025 की सरकारी एडवाइजरी?
इस पूरे विवाद की एक बड़ी वजह 8 मई, 2025 को जारी सरकारी एडवाइजरी है। यह एडवाइजरी पहलगाम आतंकवादी हमले और भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बाद आई थी। उस समय सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में पाकिस्तानी कंटेंट पर रोक लगा दी थी। भारत सरकार ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में काम करने पर भी प्रतिबंध लगाया था।
बता दें कि ‘जो बच्चे हैं संग समेट लो’ पाकिस्तानी लेखक फरहत इश्तियाक के मशहूर उर्दू उपन्यास पर आधारित है। यह नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज है। इसमें फवाद खान और माहिरा खान मुख्य भूमिका में हैं।

