बॉलीवुड के मशहूर कपूर परिवार में दुख का माहौल छाया हुआ है। अनिल कपूर, बोनी कपूर और संजय कपूर की मां निर्मल कपूर उर्फ सुचित्रा कपूर का 2 मई 2025 को निधन हो गया। 90 वर्षीय निर्मल कपूर ने मुंबई के कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई और सोशल मीडिया पर सितारों व प्रशंसकों के शोक संदेशों का सिलसिला शुरू हो गया। आज 3 मई को उनका अंतिम संस्कार मुंबई के पवन हंस शवदाह गृह में सुबह 11:30 बजे होगा। इस मौके पर बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारे कपूर परिवार के साथ शोक व्यक्त करने पहुंचे।
अंतिम दर्शन को उमड़ा बॉलीवुड
निर्मल कपूर के निधन की खबर के बाद अनिल कपूर के घर देर रात से ही फिल्म इंडस्ट्री के सितारों का आना-जाना शुरू हो गया। सोनम कपूर, रवीना टंडन, राशा थडानी, निर्देशक रमेश सिप्पी और अभिनेता जैकी श्रॉफ सहित कई हस्तियां कपूर परिवार से मिलने पहुंचीं। पूरे बॉलीवुड ने इस दुख की घड़ी में एकजुटता दिखाई। कपूर परिवार के घर के बाहर भारी संख्या में प्रशंसक और मीडिया भी मौजूद हैं जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
यह भी पढ़े: ‘रेड 2’ ने पहले दिन की 18.25 करोड़ की कमाई.. तोड़े 14 फिल्मों के रिकॉर्ड, साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनर
गमगीन माहौल में पहुंचा पार्थिव शरीर
2 मई की रात को निर्मल कपूर का पार्थिव शरीर कोकिलाबेन अस्पताल से उनके घर लाया गया। इस दौरान अनिल कपूर स्वयं एंबुलेंस में साथ थे। पार्थिव शरीर के घर पहुंचते ही परिवार में शोक और गमगीन माहौल छा गया। बोनी कपूर, संजय कपूर और अर्जुन कपूर भी इस दौरान भावुक नजर आए। परिवार के अन्य सदस्य और रिश्तेदार भी अंतिम दर्शन के लिए मौजूद थे।
अंतिम संस्कार आज
निर्मल कपूर का अंतिम संस्कार आज 3 मई 2025 को सुबह 11:30 बजे पवन हंस शवदाह गृह में होगा। अंतिम संस्कार से पहले और कई बॉलीवुड सितारों के पहुंचने की उम्मीद है। कपूर परिवार के घर के बाहर प्रशंसकों और मीडिया की भीड़ जमा है जो इस दुखद क्षण में परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।