Queen 2 Controversy: रिलीज़ से पहले विवादों में फंसी कंगना रनौत की ‘क्वीन 2’, करोड़ों के मुकदमे ने बढ़ाई मुश्किलें

कंगना रनौत की आगामी फिल्म 'क्वीन 2' रिलीज से पहले कानूनी विवाद में फंस गई है। फैंटम स्टूडियोज ने जियोस्टार पर बिना अनुमति फिल्म बनाने का आरोप लगाते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट में 250 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है। हालांकि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और पोस्ट-प्रोडक्शन का काम जारी है।

Queen 2 Controversy: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की आगामी फिल्म ‘क्वीन 2’ रिलीज से पहले ही कानूनी विवाद में घिर गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैंटम स्टूडियोज ने जियोस्टार के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में 250 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि फिल्म का निर्माण उनकी अनुमति के बिना किया जा रहा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, फैंटम स्टूडियोज ने पहले बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की थी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद कोर्ट का रुख किया।

फैंटम स्टूडियोज ने क्या दावा किया?

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि फैंटम स्टूडियोज के पास मूल फिल्म क्वीन के 50 प्रतिशत अधिकार हैं, जिनमें फिल्म का सीक्वल बनाने का अधिकार भी शामिल है। कंपनी का दावा है कि उसने अब तक किसी भी सीक्वल, रीमेक या संबंधित प्रोजेक्ट के लिए अनुमति नहीं दी है।

इसी आधार पर स्टूडियो ने जियोस्टार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

शूटिंग पूरी, पोस्ट-प्रोडक्शन जारी

विवाद के बीच फिल्म ‘क्वीन 2’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है। फिलहाल फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में है। हालांकि, इस कानूनी विवाद का फिल्म की रिलीज पर क्या असर पड़ेगा, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पहली ‘क्वीन’ को मिला था शानदार रिस्पॉन्स

साल 2013 में रिलीज हुई ‘क्वीन’ कंगना रनौत के करियर की सबसे चर्चित फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म में उन्होंने रानी नाम की युवती का किरदार निभाया था, जिसका मंगेतर शादी से पहले रिश्ता तोड़ देता है। इसके बाद वह अकेले अपने हनीमून पर निकलती है और अपनी नई पहचान बनाती है।

फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों का जबरदस्त समर्थन मिला था। अब फैंस को ‘क्वीन 2’ का इंतजार है, लेकिन रिलीज से पहले शुरू हुआ यह कानूनी विवाद फिल्म के भविष्य को लेकर नए सवाल खड़े कर रहा है।

Exit mobile version