Ramayana Movie : रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ अब हांगकांग में रिलीज होने जा रही है। भारत समेत कई देशों में 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली यह फिल्म 12 नवंबर को हांगकांग के थिएटर में पहुंचेगी। ब्रॉडवे सिनेमा नेटवर्क पर फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है। मेकर्स को विदेशी बाजार में फिल्म से बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
हांगकांग में शुरू हुई एडवांस बुकिंग
हांगकांग के ब्रॉडवे सिनेमा नेटवर्क पर फिल्म के टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म मोंगकोक, सुइन वान और क्वाईफोंग समेत कई लोकेशन पर रिलीज होगी। इसे हिंदी भाषा में अंग्रेजी और चाइनीज सबटाइटल्स के साथ दिखाया जाएगा।
फिलहाल 12 नवंबर को फिल्म की रिलीज हांगकांग तक सीमित है। चीन में इसकी रिलीज को लेकर अभी कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है। मेकर्स की ओर से चीन में रिलीज पर चर्चा किए जाने की खबरें हैं, लेकिन अंतिम फैसला होना बाकी है।
चीन में ‘दंगल’ की सफलता से बढ़ी उम्मीदें
विदेशी बाजार में भारतीय फिल्मों की सफलता की बात आती है तो आमिर खान की ‘दंगल’ का उदाहरण दिया जाता है। फिल्म ने चीन में शानदार कारोबार किया था। ऐसे में ‘रामायण’ की हांगकांग रिलीज को भी अहम माना जा रहा है। हालांकि, हांगकांग और चीन अलग-अलग फिल्म बाजार हैं, इसलिए वहां के कारोबार का अनुमान अभी लगाना जल्दबाजी होगी।
तीन दिनों में भारत में 182.70 करोड़ का नेट कलेक्शन
‘रामायण: पार्ट 1’ का बजट करीब 2000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म के वीएफएक्स और एक्शन की सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पहले तीन दिनों में भारत में 182.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं, घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 218 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।
विदेशों में फिल्म की कमाई 165.75 करोड़ रुपये बताई गई है। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 384 करोड़ रुपये हो गया है। रविवार को फिल्म की कमाई में और बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।
फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में हैं। रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आ रहे हैं।
इसके अलावा अरुण गोविल राजा दशरथ, अनुपम खेर जटायु, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, विवेक ओबेरॉय विद्युज्जीव, काजल अग्रवाल मंदोदरी, लारा दत्ता कैकेयी और राघव जुयाल मेघनाद की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में कई अन्य कलाकार भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे।





















