Raj Kapoor Award: बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी को उनके करीब तीन दशक लंबे फिल्मी करियर में योगदान के लिए 62वें महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह में राज कपूर विशेष योगदान पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुंबई के प्रभादेवी स्थित रवींद्र नाट्य मंदिर में आयोजित समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया।
समारोह में सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार समेत फिल्म जगत की कई जानी-मानी हस्तियां और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
‘मुंबई ने मुझे मेरी पहचान दी’
मुंबई में जन्मीं और पली-बढ़ीं रानी मुखर्जी के लिए यह सम्मान खास रहा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र वह जगह है, जहां उन्होंने अपने जीवन के करीब तीन दशक सिनेमा को दिए हैं। ऐसे में अपने शहर और अपने लोगों से मिला यह पुरस्कार उनके लिए बेहद भावुक पल है।
रानी ने कहा कि राज कपूर के नाम पर सम्मान मिलना उनके लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने इस पुरस्कार को अपने लिए एक जिम्मेदारी भी बताया और कहा कि वह इस सम्मान के योग्य साबित होने की पूरी कोशिश करेंगी।
अपने संबोधन में अभिनेत्री ने मुंबई के साथ अपने रिश्ते को याद करते हुए कहा कि इस शहर ने उन्हें पहचान, दर्शक, करियर और अपना घर दिया। उन्होंने मुंबई को अपनी सुरक्षित जगह बताते हुए कहा कि उनके लिए यह शहर सब कुछ है।
मजबूत महिला किरदारों के लिए जानी जाती हैं रानी
रानी मुखर्जी ने अपने करियर में कई चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। ‘ब्लैक’, ‘नो वन किल्ड जेसिका’, ‘हिचकी’, ‘मर्दानी’ और ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ जैसी फिल्मों में उन्होंने मजबूत महिला किरदारों को पर्दे पर उतारा।
अभिनेत्री के मुताबिक, उन्होंने हमेशा ऐसे किरदार चुने जिनमें साहस, खामियां और अपनी जिंदगी के लिए आगे बढ़ने का जज्बा दिखाई देता हो।
‘सिनेमा मेरे लिए गहरी भावना है’
रानी ने कहा कि उन्होंने सिनेमा को कभी केवल पेशे के तौर पर नहीं देखा। उनके लिए फिल्में और कहानी कहने की कला एक गहरा भावनात्मक जुड़ाव है और महाराष्ट्र इस भावना का घर है।
उन्होंने अपना पुरस्कार महाराष्ट्र, फिल्म इंडस्ट्री, कलाकारों, तकनीशियनों और उन सभी कहानीकारों को समर्पित किया, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को समृद्ध बनाने में योगदान दिया।
