Site icon News1India

Rishi Kapoor Death Anniversary: एक ऐसा सितारा जो आज भी दिलों में जिन्दा है कैसा रहा उनका “बॉबी” से लेकर “शर्माजी नमकीन” तक का सफर

Rishi Kapoor Death Anniversary: आज, 30 अप्रैल को हिंदी सिनेमा के चमकते सितारे ऋषि कपूर की पुण्यतिथि है। साल 2020 में लंबी बीमारी के बाद उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा था। लेकिन उनका नाम और काम आज भी लोगों के ज़ेहन में ताज़ा है। चाहे वो ‘बॉबी’ का रोमांटिक हीरो हो या ‘अग्निपथ’ का मजबूत किरदार, ऋषि कपूर ने हर रोल को खास बना दिया। ‘कपूर एंड सन्स’ और ‘शर्माजी नमकीन’ जैसी फिल्मों में उन्होंने ये साबित कर दिया कि उम्र चाहे जो हो, हुनर कभी कम नहीं होता।

नीतू कपूर से दोस्ती से लेकर शादी तक

ऋषि कपूर और नीतू कपूर की जोड़ी को बॉलीवुड की सबसे प्यारी जोड़ियों में गिना जाता है। 70 और 80 के दशक में दोनों ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया।

‘जहरीला इंसान’ (1974), ‘जिंदा दिल’ (1975) और ‘खेल खेल में’ (1977) जैसी फिल्मों में साथ काम करते-करते दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। फिर 22 जनवरी 1980 को दोनों ने शादी कर ली और एक नई जिंदगी की शुरुआत की।

शादी के दिन दोनों हो गए थे बेहोश

नीतू कपूर ने एक इंटरव्यू में अपनी शादी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि उनकी शादी में इतनी भीड़ उमड़ आई थी कि वे और ऋषि दोनों घबरा गए और बेहोश हो गए। नीतू ने कहा, “हजारों लोग शादी में आ गए थे। कई तो ऐसे भी थे जिन्हें हम जानते भी नहीं थे। जेबकतरे तक घुस आए थे। हमें गिफ्ट में पत्थर और चप्पलें तक मिलीं। हम इतने परेशान हो गए कि होश ही नहीं रहा।”

फिल्मी करियर की शुरुआत

ऋषि कपूर ने फिल्मों में कदम रखा 1970 की फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ से, जिसमें उन्होंने अपने पिता राज कपूर के बचपन का रोल निभाया था। इसके बाद 1973 में ‘बॉबी’ से उन्होंने बतौर हीरो डेब्यू किया, जिसमें डिंपल कपाड़िया उनकी को-स्टार थीं। ये फिल्म इतनी बड़ी हिट रही कि ऋषि कपूर रातोंरात स्टार बन गए। इसके बाद उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और कई यादगार किरदार निभाए।

ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म

अपनी मौत से पहले ऋषि कपूर आखिरी बार नजर आए ‘शर्माजी नमकीन’ में। इस फिल्म की शूटिंग उनकी मृत्यु से पहले शुरू हुई थी, लेकिन बीच में ही उनका निधन हो गया।बचे हुए हिस्सों को परेश रावल ने पूरा किया। ये फिल्म 31 मार्च 2022 को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई और दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया।

Exit mobile version