Scout OP Mother Reaction: गेमिंग क्रिएटर तन्मय सिंह उर्फ स्काउट ओपी इन दिनों रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में सामने आए एक प्रोमो में लव गिल के साथ बहस के बाद स्काउट अपना सिर मुंडवाते और भावुक होकर रोते नजर आए। अब इस मामले पर उनकी मां ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने शो के मेकर्स पर प्रोमो में अधूरी और संदर्भ से अलग क्लिप दिखाने का आरोप लगाया है।
स्काउट की मां ने वॉयस नोट में जाहिर की नाराजगी
स्काउट की मां ने सोशल मीडिया पर एक वॉयस नोट साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि शो में बार-बार उनके बेटे की निजी जिंदगी और रिश्तों को दिखाया जा रहा है। उनके मुताबिक, एडिट किए गए प्रोमो से स्काउट की गलत छवि बन सकती है और इस वजह से वह दबाव महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने मेकर्स से अपील की कि स्काउट की बातों को पूरे संदर्भ के साथ दिखाया जाए। उनका कहना है कि वह बेटे के लिए किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रही हैं, बल्कि चाहती हैं कि उसे अपनी बात रखने का निष्पक्ष मौका मिले।
सलमान खान के पुराने प्रोमो का दिया उदाहरण
वॉयस नोट में स्काउट की मां ने शो के होस्ट सलमान खान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले सलमान से जुड़े एक एडिटेड प्रोमो को लेकर भी सवाल उठे थे और उन्हें दर्शकों के सामने आकर सफाई देनी पड़ी थी। मां के मुताबिक, अधूरी क्लिप से किसी व्यक्ति के बारे में गलत धारणा बन सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शो में पुरानी फुटेज को बार-बार दिखाया जाता है और अलग-अलग मौकों की बातचीत को जोड़कर ऐसी कहानी बनाई जाती है, जो पूरी घटना की सही तस्वीर नहीं दिखाती।
दर्शकों से की पूरा एपिसोड देखने की अपील
स्काउट की मां ने दर्शकों से अपील की कि वे छोटे प्रोमो देखकर तन्मय के बारे में कोई राय न बनाएं। उन्होंने उदाहरण दिया कि माइक ठीक करने जैसी सामान्य हरकत को गुस्से के रूप में दिखाया जा सकता है। इसी तरह किसी टास्क के दौरान पेड़ पर चढ़ने के दृश्य को भी दूसरी कहानी से जोड़कर पेश किया जा सकता है।
प्रोमो में क्या हुआ था?
हालिया प्रोमो में स्काउट और लव गिल के बीच बहस दिखाई गई। इसके बाद स्काउट बाथरूम में अपना सिर मुंडवाते नजर आए। बैकग्राउंड में फिल्म ‘कबीर सिंह’ का गाना ‘बेख्याली’ सुनाई देता है। प्रोमो के आखिर में वह रोते हुए भी दिखाई दिए। इस दृश्य के बाद उनकी मां ने मेकर्स की एडिटिंग पर सवाल उठाए।

