Shah Rukh Khan Health: बॉलीवुड के सुपरस्टार Shah Rukh Khan पिछले कुछ सालों से लगातार बड़े और एक्शन से भरपूर प्रोजेक्ट्स में नजर आ रहे हैं। हालांकि, उनकी सेहत को लेकर अब ‘डंकी’ में उनके को-स्टार रहे Vikram Kochhar ने कुछ चौंकाने वाले दावे किए हैं।
विक्रम कोचर ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि शाहरुख के दाहिने पैर में गंभीर चोट है और उनके फेफड़े भी कमजोर हो गए हैं। उनके मुताबिक, अभिनेता का इलाज लगातार चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद वह अपने काम से ब्रेक नहीं ले रहे हैं।
चोट के बाद बना शाहरुख का सिग्नेचर पोज
विक्रम ने शाहरुख के मशहूर ‘बांहें फैलाने वाले पोज’ से जुड़ा किस्सा भी साझा किया। उनके मुताबिक, एक गाने की शूटिंग के दौरान शाहरुख के पैर में चोट लग गई थी। उस समय वह डांस नहीं कर पा रहे थे।
विक्रम के अनुसार, कोरियोग्राफर फराह खान ने उनसे कोई दूसरा तरीका खोजने को कहा, जिसके बाद शाहरुख ने अपने हाथ फैलाकर पोज दिया। यही अंदाज बाद में उनकी पहचान बन गया और ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ जैसी फिल्मों के जरिए बेहद लोकप्रिय हुआ।
चोट के बावजूद शूटिंग और पार्टी
विक्रम ने ‘डंकी’ की शूटिंग के दौरान शाहरुख की एनर्जी की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि पूरी यूनिट दिनभर शूटिंग के बाद थक जाती थी, लेकिन शाहरुख इसके बाद भी पार्टी में जमकर डांस करते थे।
उन्होंने सऊदी अरब में शूटिंग के दौरान शाहरुख को मिलने वाली खास मेहमाननवाजी का भी जिक्र किया और बताया कि उन्हें बेहद शानदार कमरे में ठहराया गया था।
‘किंग’ में फिर दिखेगा एक्शन अवतार
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान इन दिनों सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘किंग‘ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में उनके एक्शन अवतार को लेकर पहले से ही काफी उत्सुकता है।
हालांकि, शाहरुख की सेहत को लेकर विक्रम कोचर द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इन्हें अभिनेता की आधिकारिक मेडिकल जानकारी के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
