Site icon News1India

15 साल मिर्गी से जूझीं शेफाली जरीवाला, कहा – ‘नहीं पता अगला दौरा कब आएगा’, करियर पर पड़ा गहरा असर!

Shefali Jariwala

Shefali Jariwala : फिल्म और टेलीविज़न की दुनिया की मशहूर अदाकारा और मॉडल शेफाली जरीवाला अब हमारे बीच नहीं रहीं। 42 साल की उम्र में अचानक उनके निधन की खबर ने पूरे मनोरंजन जगत को हिला कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को कार्डियक अरेस्ट के चलते उनका निधन हुआ। उन्हें तुरंत मुंबई के बेलव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया। हालांकि, अभी तक उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शेफाली जरीवाला के अचानक निधन के बाद उनका एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस इंटरव्यू में उन्होंने अपने स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों और करियर में आई रुकावटों के बारे में खुलकर बात की थी।

15 साल की उम्र में आया था मिर्गी का पहला दौरा

टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में शेफाली ने बताया था कि उन्हें 15 साल की उम्र में पहली बार मिर्गी का दौरा पड़ा था। उन्होंने कहा था, “उस वक्त मैं पढ़ाई को लेकर काफी दबाव में थी। अत्यधिक तनाव और चिंता मिर्गी के दौरे की वजह बन सकते हैं। यह मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है – डिप्रेशन से दौरे हो सकते हैं और दौरे से डिप्रेशन बढ़ सकता है।”

आत्मविश्वास और करियर पर पड़ा असर

शेफाली ने बताया था कि मिर्गी की बीमारी ने उनके आत्मविश्वास को बुरी तरह प्रभावित किया। उन्होंने कहा, “कई बार मुझे क्लास में, स्टेज के पीछे या सड़क पर भी दौरे पड़ते थे। इससे मेरा आत्मबल टूटने लगा था।”
‘कांटा लगा’ गाने से मिली लोकप्रियता के बावजूद, वे ज्यादा काम नहीं कर पाईं। इसका कारण भी उन्होंने स्पष्ट किया था — “लोग पूछते थे कि मैं ज़्यादा काम क्यों नहीं करती। लेकिन सच ये है कि मिर्गी की वजह से मुझे कभी पता नहीं होता था कि अगला दौरा कब पड़ेगा। यही वजह रही कि मैं एक्टिंग में लगातार सक्रिय नहीं रह सकी।”

नौ साल से थी पूरी तरह ठीक

इंटरव्यू में शेफाली ने यह भी बताया था कि वे पिछले नौ सालों से पूरी तरह दौरे से मुक्त थीं। अपनी रिकवरी का श्रेय उन्होंने एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम और खुद पर यकीन को दिया था। उन्होंने गर्व से कहा था, “मैंने डिप्रेशन, पैनिक अटैक और एंग्जायटी को नेचुरल तरीके से, अपने परिवार और करीबी लोगों के सहयोग से संभाला। मुझे खुद पर गर्व है कि मैं इससे उबर पाई।”

यह भी पढ़ें : अब 4 घंटे में पूरी होगी प्रक्रिया, नई गाइडलाइंस लागू…

शेफाली जरीवाला का यूं अचानक जाना सभी के लिए बड़ा सदमा है। ‘कांटा लगा’ से लेकर टीवी रियलिटी शोज़ तक, उन्होंने अपने अंदाज़ और परफॉर्मेंस से हमेशा लोगों का दिल जीता। उनकी कहानी न केवल स्ट्रगल की मिसाल है, बल्कि इस बात की भी गवाही देती है कि मानसिक और शारीरिक बीमारी से जूझते हुए भी इंसान कितनी हिम्मत से लड़ सकता है।

Exit mobile version