Site icon News1India

Sonu Nigam के बेटे नेवान ने म्यूजिक की दुनिया में रखा कदम, दिवाली के मौके पर दी खुशखबरी

Sonu Nigam Son Nevaan: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम ने दिवाली के मौके पर अपने परिवार से जुड़ी एक खास खुशखबरी फैंस के साथ साझा की है। सोनू निगम और उनकी पत्नी मधुरिमा निगम के 19 साल के बेटे नेवान निगम अब संगीत की दुनिया में अपना सफर शुरू कर रहे हैं। उन्होंने ‘स्लाइड’ नाम की शॉर्ट फिल्म के जरिए अपने करियर का पहला कदम उठाया है। इस मौके पर सोनू ने सोशल मीडिया पर बेटे की तस्वीर साझा करते हुए उसके बचपन से लेकर अब तक के सफर को याद किया।

सोनू निगम ने बेटे के लिए लिखा भावुक संदेश

सोनू निगम ने अपने पोस्ट में बताया कि नेवान बचपन में अपने पिता के सामने गाने से भी झिझकते थे। अब वही नेवान संगीत के प्रति अपने जुनून को पूरा करने के लिए घंटों मेहनत कर रहे हैं।

सोनू के मुताबिक, नेवान रोजाना करीब 16 घंटे वोकल एक्सरसाइज और रिहर्सल करते हैं। वह डांस की भी लंबे समय तक प्रैक्टिस कर रहे हैं, ताकि अपनी कला को बेहतर बना सकें। सिंगर ने बेटे की मेहनत और लगन पर गर्व जताते हुए कहा कि उसने पूरे परिवार को खुश और गौरवान्वित किया है।

बचपन से ही संगीत से रहा है जुड़ाव

सोनू निगम और मधुरिमा ने नेवान के संगीत से जुड़े शुरुआती दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि नेवान ने चार साल की उम्र में स्टूडियो में समय बिताना शुरू कर दिया था। साढ़े चार साल की उम्र में उन्होंने स्टेज पर अपने पिता का गाना ‘अभी मुझमें कहीं’ भी गाया था।

सोनू ने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए बेटे के नए सफर के लिए उनका आशीर्वाद मांगा। उन्होंने नेवान के काम को प्यार देने और आगे भी उसका हौसला बढ़ाने की अपील की।

‘स्लाइड’ से शुरू किया म्यूजिक करियर

नेवान निगम ने ‘स्लाइड’ नाम की शॉर्ट फिल्म के साथ अपने करियर की शुरुआत की है। इसका कॉन्सेप्ट नेवान ने तैयार किया है और अलेक्जेंडर कोबियन के साथ मिलकर इसका निर्देशन भी किया है। फिल्म का संगीत ‘द ऑडिबल्स’ ने तैयार किया है।

नेवान ने म्यूजिक प्रोड्यूसर पू बियर के साथ भी काम किया है और अपनी आवाज को निखारने पर मेहनत की है। सोनू निगम ने बेटे के इस नए सफर के लिए फैंस से प्यार और आशीर्वाद मांगा है।

Exit mobile version