Site icon News1India

Sridevi Birth Anniversary: श्रीदेवी की बायोग्राफी की पहली झलक आई सामने, प्रियंका चोपड़ा ने शेयर किया कवर

Bollywood News: इंडियन सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार कही जाने वालीं Sridevi की आज बर्थ एनिवर्सरी है। 13 अगस्त 1963 को जन्मीं श्रीदेवी ने अपने शानदार अभिनय और डांस से दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया। उनकी बर्थ एनिवर्सरी के मौके पर ग्लोबल स्टार Priyanka Chopra ने उनकी बहुप्रतीक्षित बायोग्राफी की पहली झलक फैंस के साथ शेयर की है।

प्रियंका चोपड़ा ने दिखाया बायोग्राफी का कवर

प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर श्रीदेवी की बायोग्राफी का कवर शेयर किया। किताब का नाम ‘Empress: The Definitive Biography of Sridevi‘ बताया गया है। कवर शेयर करते हुए प्रियंका ने दिग्गज अभिनेत्री को याद किया और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

प्रियंका ने पोस्ट में श्रीदेवी के लिए लिखा कि वह ‘द वन एंड ओनली’ हैं और उन्हें बहुत याद किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि किताब जल्द आने वाली है।

2023 में हुआ था बायोग्राफी का ऐलान

श्रीदेवी की आधिकारिक बायोग्राफी की घोषणा 2023 में वेस्टलैंड बुक्स की ओर से की गई थी। इससे पहले किताब का नाम ‘Sridevi: The Life of a Legend‘ बताया गया था। किताब में अभिनेत्री के जीवन, करियर और खास तौर पर 1980 और 1990 के उस दौर से जुड़े किस्से शामिल होने की उम्मीद है, जब श्रीदेवी हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी अभिनेत्रियों में शुमार थीं।

इस किताब को धीरज कुमार ने लिखा है। बताया जाता है कि वह श्रीदेवी और उनके परिवार के काफी करीब थे।

श्रीदेवी का ऐसा रहा फिल्मी सफर

श्रीदेवी ने अपने लंबे करियर में ‘हिम्मतवाला’, ‘मिस्टर इंडिया’, ‘चांदनी’ और ‘चालबाज’ जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया। उन्होंने हिंदी के साथ दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी अपनी अलग पहचान बनाई।

श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी 2018 को 54 वर्ष की उम्र में दुबई में हुआ था। वह वहां एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने पहुंची थीं। उनके निधन के बाद भी उनकी लोकप्रियता और फिल्मों का प्रभाव कायम है।

अब उनकी बायोग्राफी के जरिए फैंस को उनके जीवन और करियर से जुड़े कई अनसुने पहलुओं को जानने का मौका मिल सकता है।

Exit mobile version