Reality Show: बॉलीवुड की मशहूर सिंगर सुनिधि चौहान लंबे समय से किसी भी सिंगिंग रियलिटी शो में बतौर जज नजर नहीं आ रही हैं। हाल ही में शेखर सुमन के चैट शो ‘शेखर टुनाइट’ में उन्होंने पहली बार इस फैसले की वजह बताई। बातचीत के दौरान सुनिधि ने कहा कि रियलिटी शोज़ से दूरी बनाने का फैसला पूरी तरह उनका अपना था।
‘मुझे नहीं लगा कि वह मेरी जगह है’
शेखर सुमन के सवाल पर सुनिधि ने कहा, “मैंने लंबे समय तक रियलिटी शोज़ किए, लेकिन फिर मुझे लगा कि यह मेरी जगह नहीं है।” उन्होंने बताया कि समय के साथ संगीत और रियलिटी शोज़ के बीच का अंतर कम होता गया, जो उन्हें सही नहीं लगा।
तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल पर जताई चिंता
सुनिधि चौहान ने कहा कि पहले ऑटो-ट्यून और मेलोडाइन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल केवल गानों में सीमित रूप से किया जाता था, लेकिन अब इनका प्रभाव रियलिटी शोज़ में भी दिखाई देने लगा है। उनके मुताबिक, जहां प्रतिभा और गायकी का वास्तविक प्रदर्शन होना चाहिए, वहां तकनीक का अधिक इस्तेमाल उन्हें पसंद नहीं आया। इसी वजह से उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों से दूरी बनाने का फैसला किया।
लाइव परफॉर्मेंस पर भी रखी राय
बातचीत के दौरान शेखर सुमन ने लाइव शो के दौरान कलाकारों के साथ होने वाली घटनाओं का भी जिक्र किया। इस पर सुनिधि ने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं क्योंकि उनके साथ मंच पर कभी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि दर्शकों ने हमेशा उन्हें प्यार और सम्मान दिया है और यही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
