Site icon News1India

Pan Masala Ad: पान मसाले का विज्ञापन कभी नहीं करने के दावे पर ट्रोल हुए सनी देओल, वायरल हुआ पुराना वीडियो

Sunny Deol Pan Masala Ad: बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल इन दिनों पान मसाला विज्ञापन को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने कभी पान मसाला का विज्ञापन नहीं किया और भविष्य में भी ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि यह उनके विचारों और जमीर के खिलाफ है। इसी बीच उनका एक पुराना विज्ञापन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद लोग उनके बयान पर सवाल उठा रहे हैं।

विज्ञापन में रवि किशन और विजय राज भी आए नजर

वायरल वीडियो में सनी देओल के साथ अभिनेता रवि किशन और विजय राज भी दिखाई दे रहे हैं। विज्ञापन में सनी दो लड़कियों के साथ पान की दुकान पर पहुंचते हैं और उन्हें मीठा पान खाते हुए दिखाया गया है। विज्ञापन की पैकेजिंग पर सनी देओल की तस्वीर भी नजर आती है। हालांकि, पैकेट पर स्पष्ट रूप से लिखा है कि इसमें तंबाकू और निकोटिन नहीं है। यह विज्ञापन काफी पुराना बताया जा रहा है।

सनी ने पान मसाला विज्ञापन से किया इनकार

अपने हालिया इंटरव्यू में सनी देओल ने कहा था कि वह उन चीजों का प्रचार नहीं करते, जिन्हें उनका जमीर सही नहीं मानता। उन्होंने साफ कहा कि पान मसाला के विज्ञापन उन्हें ऑफर होते हैं, लेकिन वह इन्हें स्वीकार नहीं करते। उनका कहना था कि वह ऐसी चीजों को प्रमोट करने में विश्वास नहीं रखते, जिन्हें वह खुद अच्छा नहीं मानते।

पुराने विज्ञापन के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स उन्हें ट्रोल कर रहे हैं और उनके पुराने विज्ञापन को उनके हालिया बयान से जोड़कर देख रहे हैं।

शाहरुख, अजय और टाइगर को FDA का नोटिस

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आरोप है कि विज्ञापन के जरिए महाराष्ट्र में प्रतिबंधित पान मसाला उत्पादों का अप्रत्यक्ष प्रचार हो सकता है। तीनों अभिनेताओं को 15 दिन के भीतर लिखित जवाब देने को कहा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कानून के तहत आगे की कार्रवाई हो सकती है।

 

Exit mobile version