TMKOC: ‘जेठालाल’ के शो छोड़ने की खबरों पर मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी,जानिए ये अफवाह है या सच

'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में जेठालाल के किरदार के खत्म होने की खबरों को मेकर्स ने खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिलीप जोशी शो का अहम हिस्सा बने रहेंगे और फिलहाल कहानी भी उन्हीं पर केंद्रित है। वहीं दयाबेन की वापसी को लेकर अब भी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

टीवी के सबसे लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में जेठालाल का किरदार निभाने वाले अभिनेता दिलीप जोशी को लेकर हाल ही में सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें सामने आईं। दावा किया जा रहा था कि जेठालाल का किरदार जल्द ही शो से खत्म होने वाला है। इन खबरों से फैंस काफी निराश हो गए थे।

अब शो के मेकर्स ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।

मेकर्स ने बताया क्या है सच्चाई

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शो के मेकर्स ने साफ किया है कि जेठालाल का किरदार कहीं नहीं जा रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल शो की पूरी कहानी भी जेठालाल के इर्द-गिर्द घूम रही है और इसका नया प्रोमो भी जारी किया जा चुका है।

इसके अलावा 28 जुलाई को शो के 18 साल पूरे होने जा रहे हैं, जिसे खास अंदाज में सेलिब्रेट किया जाएगा। ऐसे में जेठालाल के शो छोड़ने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

दिलीप जोशी हैं सबसे ज्यादा फीस लेने वाले कलाकार

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिलीप जोशी इस शो के सबसे अधिक फीस पाने वाले कलाकारों में शामिल हैं। उन्होंने शुरुआत से ही जेठालाल के किरदार को निभाकर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है।

हालांकि पिछले कुछ वर्षों में शो के कई कलाकार इसे छोड़ चुके हैं और उनकी जगह नए चेहरे आए हैं, लेकिन दिलीप जोशी अब भी शो का अहम हिस्सा बने हुए हैं।

दयाबेन की वापसी अब भी सवालों में

वहीं, दयाबेन का किरदार निभाने वाली दिशा वकाणी कई वर्षों से शो से दूर हैं। वह मातृत्व अवकाश पर गई थीं, लेकिन इसके बाद उन्होंने वापसी नहीं की।

शो के निर्माता पहले भी कह चुके हैं कि दिशा की वापसी अब काफी मुश्किल नजर आती है। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि दिशा वापस नहीं आती हैं, तो भविष्य में नई दयाबेन को लाने पर विचार किया जा सकता है।

 

Exit mobile version