‘काश बबलू पंडित को नहीं मारा होता’, ‘मिर्जापुर’ को याद कर छलका विक्रांत मैसी का दर्द

विक्रांत मैसी ने कहा कि उन्हें आज भी अफसोस है कि 'मिर्जापुर' में उनके किरदार बबलू पंडित की कहानी पहले ही सीजन में खत्म कर दी गई। वहीं, 'मिर्जापुर: द मूवी' में बबलू के किरदार में इस बार जितेंद्र कुमार नजर आएंगे। फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Vikrant Massey Mirzapur: वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ ने भारतीय ओटीटी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। इसके दमदार किरदारों में से एक ‘बबलू पंडित’ आज भी दर्शकों के पसंदीदा किरदारों में गिना जाता है। अब अभिनेता विक्रांत मैसी ने इस किरदार को लेकर अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा है कि उन्हें आज भी इस बात का अफसोस है कि बबलू पंडित की कहानी पहले ही सीजन में खत्म कर दी गई।

‘बबलू पंडित’ को लेकर क्या बोले विक्रांत?

एफएलओ बैंगलोर ऑफिशियल को दिए एक इंटरव्यू में विक्रांत मैसी ने कहा, “काश उन्होंने मुझे मारा न होता। बबलू पंडित की कहानी थोड़ी और आगे बढ़नी चाहिए थी।” उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इस शो में काम शुरू किया था, तब उन्हें अंदाजा नहीं था कि उनका किरदार दर्शकों पर इतना गहरा असर छोड़ेगा।

‘बबलू भैया’ के लिए उमड़ पड़ी थी भीड़

विक्रांत ने बताया कि ‘मिर्जापुर’ रिलीज होने के समय वह लखनऊ में फिल्म ‘रामप्रसाद की तेरहवीं’ की शूटिंग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सुबह सेट पर पहुंचने के बाद शाम तक हालात बदल गए। शूटिंग लोकेशन के बाहर 200 से 300 लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। लोग “बबलू भैया” के नाम से उन्हें बुला रहे थे, उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे थे और सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे। इस जबरदस्त लोकप्रियता ने उन्हें हैरान कर दिया था।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ में दिखेगा नया बबलू

हाल ही में रिलीज हुए ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के टीजर ने साफ कर दिया है कि फिल्म में बबलू पंडित के किरदार में विक्रांत मैसी नहीं, बल्कि ‘पंचायत’ फेम जितेंद्र कुमार नजर आएंगे। फिल्म की कहानी साल 2018 की टाइमलाइन पर आधारित होगी, जिसमें कई ऐसे लोकप्रिय किरदारों की भी वापसी होगी, जिनकी वेब सीरीज में मौत हो चुकी थी। इसमें श्रिया पिलगांवकर स्वीटी गुप्ता और दिव्येंदु एक बार फिर मुन्ना भैया के किरदार में दिखाई देंगे।

कब रिलीज होगी फिल्म?

‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Exit mobile version