नई दिल्ली: मशहूर सिंगर अलका याग्निक (Alka Yagnik) अपनी जादुई आवाज के लिए जानी जाती हैं। बॉलीवुड की कई फिल्मों में अलका याग्निक ने गाने गाए हैं। आज यानी 20 मार्च को ये सिंगर अपना 57वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। उनके जन्मदिन पर आज जानेंगे उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातों के बारे में।
Alka Yagnik का जन्म कोलकाता के एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। उन्होंने अपनी मां शुभा याग्निक (Shubha Yagnik) से शास्त्रीय संगीत सीखा था। उन्होंने महज छह साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया था। अलका ने छह साल की उम्र में आकाशवाणी कोलकाता में गाना शुरू किया था।
दस साल की उम्र में अलका याग्निक अपनी मां के साथ मुंबई आ गई थीं। उसी दौरान फिल्म निर्माता राज कपूर (Raj Kapoor) से उन्होंने मुलाकात की थी। राज कपूर को अलका की आवाज काफी पसंद आई थी जिसके चलते उन्होंने लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल (Laxmikant-Pyarelal) से उन्हें मिलवाया था। अलका ने महज 14 साल की उम्र में फिल्म पायल की झंकार (Payal Ki Jhankaar) का गाना गाया था। इसके बाद उन्होंने साल 1981 में आई फिल्म लावारिस (Laawaris) में ‘मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है’ गाना गाया था, जो काफी चर्चित रहा था।
इसके बाद साल 1988 में आई फिल्म तेजाब (Tezaab) के गाने ‘एक दो तीन’ से अलका को प्लेबैक सिंगर के तौर पर पहचान मिली। बता दें, कि अलका याग्निक अब तक करीब 700 फिल्मों में 20 हजार से ज्यादा गाने गा चुकी हैं, जिनमें कई सुपरहिट गाने शामिल है। इतना ही नहीं उन्हें सात बार फिल्मफेयर और दो राष्ट्रीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। साल 1989 में अल्का याग्निक ने नीरज कपूर (Neeraj Kapoor) से शादी की थी। कुछ सालों से अल्का याग्निक बॉलीवुड में एक्टिव नज़र नहीं आ रही हैं।