Ghaziabad:में यू-ट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हमले के दूसरे आरोपी गुलफाम को भी मुठभेड़ में मार गिराया गया है। यह एनकाउंटर इंदिरापुरम इलाके में हुआ। इससे पहले मुख्य आरोपी जीशान, जो गुलफाम का छोटा भाई था, पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका था।
पुलिस के मुताबिक, पिछले 48 घंटों के अंदर दोनों सगे भाइयों का एनकाउंटर हुआ है। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
लोनी में हुआ था हमला
जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी की सुबह थाना लोनी क्षेत्र में सलीम वास्तिक पर दो हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला किया था। सलीम खुद को ‘एक्स मुस्लिम’ बताते हैं और सोशल मीडिया पर धर्म से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाते रहे हैं। हमलावरों ने उनके दफ्तर में घुसकर उन पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे दोनों आरोपी अंदर घुसे और सलीम पर 6 से 7 बार चाकू मारे। उनके पेट पर कई वार किए गए और गला काटने की भी कोशिश की गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में जिंदगी की जंग
गंभीर रूप से घायल सलीम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनका इलाज दिल्ली के Guru Teg Bahadur Hospital (जीटीबी अस्पताल) में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, वह वेंटिलेटर पर हैं और हालत नाजुक बनी हुई है। हमले के बाद उनके घर के बाहर सन्नाटा पसरा है। घर पर ताला लगा हुआ है और बाहर उनकी गाड़ी खड़ी है। बताया जा रहा है कि वह पिछले आठ महीनों से लोनी के अली गार्डन इलाके में रह रहे थे।
पुलिस की मुठभेड़ में दोनों ढेर
गाजियाबाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जीशान को पहले मुठभेड़ में मार गिराया गया था। वह सलीम पर हमले का मुख्य आरोपी था। अब उसके बड़े भाई गुलफाम को भी इंदिरापुरम में हुई मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी फरार चल रहे थे और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की।
इलाके में चर्चा और तनाव
आसपास के लोगों ने बताया कि सलीम के घर के बाहर उनके नाम का बोर्ड लगा है, जिस पर अंग्रेजी में SALEEM WASTIK लिखा है। छत पर तिरंगा झंडा भी लगा हुआ है। इस घटना के बाद इलाके में काफी चर्चा है। लोग हमले की वजह को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।










