Gold-Silver Price Record High: इस साल सोने और चांदी की कीमतों ने निवेशकों को हैरान कर दिया है। खासकर सितंबर महीने में तो ये धातुएं लगभग हर दिन नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंचीं। सोना जहां तेजी से महंगा हुआ, वहीं चांदी ने रिटर्न के मामले में सोने को भी पीछे छोड़ दिया। महीने के आखिर में दोनों धातुओं की कीमतें अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गईं।
गोल्ड-सिल्वर रेट में ताबड़तोड़ बढ़त
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 30 सितंबर को दिसंबर एक्सपायरी वाला सोना ₹1,17,561 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। इसी तरह चांदी की कीमत में भी जबरदस्त उछाल आया और यह ₹1,44,200 प्रति किलो तक पहुंच गई। दोनों धातुओं ने निवेशकों को रिकॉर्ड रिटर्न दिया है।
सितंबर महीने का पूरा हाल
1 सितंबर को सोने की कीमत ₹1,05,776 प्रति 10 ग्राम थी, जो महीने के आखिर तक बढ़कर ₹1,17,561 हो गई। यानी सिर्फ एक महीने में सोना ₹11,785 प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया।
वहीं चांदी की शुरुआती कीमत ₹1,24,661 प्रति किलो थी, जो बढ़कर ₹1,44,200 हो गई। यानी चांदी ने ₹19,539 प्रति किलो का बड़ा उछाल दर्ज किया।
घरेलू बाजार में भी गदर
इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 30 सितंबर को घरेलू बाजार में 24 कैरेट सोना ₹1,15,454 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹1,44,387 प्रति किलो रही।
महीनेभर का अंतर देखें तो 1 सितंबर को सोना ₹1,04,493 प्रति 10 ग्राम था और अब तक इसमें ₹10,961 प्रति 10 ग्राम की तेजी आई है। इसी तरह चांदी 1 सितंबर को ₹1,22,800 प्रति किलो थी और इसमें ₹21,587 प्रति किलो का उछाल दर्ज हुआ।
ज्वेलरी खरीद पर और महंगा सोना
सोने के आभूषण की कीमत पर जीएसटी और मेकिंग चार्ज भी जुड़ते हैं। देशभर में बेस रेट एक जैसा रहता है, लेकिन टैक्स और चार्ज जोड़ने के बाद ज्वेलरी महंगी हो जाती है।
आमतौर पर ज्वेलरी 22 कैरेट की बनती है, जबकि कुछ लोग 18 कैरेट का भी इस्तेमाल करते हैं। सोने की शुद्धता हॉलमार्क से जांची जाती है – 24 कैरेट पर 999, 22 कैरेट पर 916 और 18 कैरेट पर 750 लिखा होता है।
क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
सोना-चांदी के लगातार महंगे होने के पीछे कई कारण हैं:
वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक तनाव
डॉलर की कमजोरी
केंद्रीय बैंकों और ईटीएफ द्वारा सोने की खरीद बढ़ना
चांदी की इंडस्ट्रियल डिमांड में इजाफा
इन सब कारणों ने मिलकर सोना-चांदी की कीमतों को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।