MCX पर 4 दिसंबर एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव 1,76,309 रुपये प्रति किलो से घटकर 1,48,900 रुपये रह गया। यानी सिर्फ पांच दिनों में एक किलो चांदी 27,409 रुपये सस्ती हो गई। इसी एक्सपायरी वाले सोने का भाव 1,36,705 रुपये प्रति 10 ग्राम से फिसलकर 1,21,949 रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान 10 ग्राम सोने की कीमत 14,756 रुपये कम हुई। इस गिरावट का असर उन लोगों पर पड़ रहा है जिन्होंने ऊंचे भाव पर सोना या चांदी खरीदी थी, वहीं कम कीमत पर खरीदारी का इंतजार करने वाले ग्राहकों के लिए नए मौके बन रहे हैं।
चांदी हाई से 2.71 लाख नीचे
चांदी की कीमतों में गिरावट नवंबर में और तेज हुई है। अक्टूबर के आखिरी कारोबारी दिन MCX पर चांदी 1,79,132 रुपये प्रति किलो थी, जो शुक्रवार तक 30,221 रुपये गिर गई। जनवरी में चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का हाई बनाया था, अब वहां से इसकी कीमत 2,71,148 रुपये कम हो चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी की चमक फीकी पड़ गई है। कॉमेक्स पर चांदी 121.785 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर से गिरकर 44.025 डॉलर पर आ गई, यानी करीब 63.9% का करेक्शन देखने को मिला है।
सोना भी रिकॉर्ड हाई से 72 हजार सस्ता
सोने की कीमतों में भी नवंबर के दौरान तेज गिरावट आई है। महीने में अब तक सोना 16,536 रुपये प्रति 10 ग्राम तक नीचे आ चुका है। MCX पर सोने का लाइफ टाइम हाई करीब 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था, अब 24 कैरेट सोना इस स्तर से 72 हजार रुपये से ज्यादा सस्ता मिल रहा है। दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9% शुद्धता वाला सोना शुक्रवार को 5,200 रुपये टूटकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। सोने में लगातार नौ कारोबारी सत्रों से गिरावट दर्ज की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 38.99 डॉलर यानी 1.08% गिरकर 3,586.32 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जो सितंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है।
आज किस भाव में बिक रहा गोल्ड-सिल्वर
वायदा बाजार में कमजोर मांग और बिकवाली के चलते सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 4,683 रुपये यानी 3.67% गिरकर 1,22,769 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। शहरों की बात करें तो दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, मेरठ, नोएडा, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में 24 कैरेट सोना 1,25,230 रुपये प्रति 10 ग्राम पर मिल रहा है। मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बैंगलोर और हैदराबाद में यह 1,25,080 रुपये है। वहीं अहमदाबाद, सूरत, भोपाल और पटना में 1,25,130 रुपये प्रति 10 ग्राम है। हालांकि वायदा भाव, हाजिर भाव और ज्वेलरी बाजार के रेट अलग-अलग होते हैं, इसलिए निवेश या खरीदारी से पहले अपने शहर का भाव और अतिरिक्त चार्ज जरूर जांचें।

