Gorakhpur Development: योगी ने गोरखपुर को दी 995 करोड़ की सौगात, 14 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को करीब 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने सिक्सलेन फ्लाईओवर का उद्घाटन किया और चार परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 10 योजनाओं का शिलान्यास किया।

Gorakhpur Development: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार 23 जुलाई को गोरखपुर को करीब 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर तैयार किए गए गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने फोरलेन मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में 813.52 करोड़ रुपये की लागत वाली चार विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही 181.77 करोड़ रुपये की 10 अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।

फ्लाईओवर से राहत

लोकार्पित परियोजनाओं में सिक्सलेन फ्लाईओवर और फोरलेन सड़क को सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर करीब 2.6 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर से शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और बाहरी जिलों से कनेक्टिविटी मजबूत करने में मदद मिलेगी। देवरिया बाईपास तिराहे को भी फ्लाईओवर से जोड़ा गया है। करीब 429.49 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को गोरखपुर के यातायात ढांचे में अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

कनेक्टिविटी होगी बेहतर

फ्लाईओवर शुरू होने के बाद संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और आजमगढ़ की ओर आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा कुशीनगर, देवरिया, बिहार, महराजगंज और नेपाल की तरफ जाने वाले यात्रियों के लिए भी आवागमन आसान होगा। वहीं, पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक मार्ग को फोरलेन में बदलने से शहर की आंतरिक सड़क कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। इस परियोजना पर करीब 277.77 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

पुलिस और एयरपोर्ट

मुख्यमंत्री ने जिन चार परियोजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें गुलरिहा थाने में 48 क्षमता वाले हॉस्टल और बैरक के साथ विवेचना कक्ष का निर्माण भी शामिल है। करीब 2.74 करोड़ रुपये की इस परियोजना से पुलिसकर्मियों की सुविधाएं बढ़ेंगी। इसके अलावा एयरफोर्स स्टेशन परिसर में पहले मौजूद एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग का काम भी पूरा किया गया है। करीब 103.51 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को एयरपोर्ट टर्मिनल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।

10 परियोजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी ने 181.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट मार्ग पर लेवल क्रॉसिंग के लिए अंडरपास और सर्विस रोड का निर्माण प्रमुख है। इस परियोजना की लागत करीब 73.64 करोड़ रुपये है। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण के लिए 47.38 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास बनाया जाएगा। विश्वविद्यालय चौक के पास करीब 49.60 करोड़ रुपये की लागत से साइंस म्यूजियम भी प्रस्तावित है।

शिक्षा और शहर विकास

राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से करीब 7.06 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा। इसके अलावा राप्तीनगर स्थित डिपो कार्यशाला की टायर शॉप का करीब 2.46 करोड़ रुपये की लागत से उच्चीकरण किया जाएगा। शहर के अलग-अलग वार्डों में सीसी रोड, सड़क और नाली निर्माण से जुड़ी छोटी परियोजनाएं भी शामिल हैं। पवन विहार, गिरधरगंज, लच्छीपुर, नंदानगर दरगहिया और चंद्रशेखर आजाद नहर क्षेत्र में इन कामों के जरिए स्थानीय सड़क और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना है।

Exit mobile version