Gorakhpur Attack: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सिंचाई विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विभाग के एक निलंबित क्लर्क ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर इंजीनियर पर हमला किया। घटना के दौरान आरोपी की ओर से कथित तौर पर पिस्टल निकालकर जान से मारने की बात भी कही गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में पीड़ित इंजीनियर ने कैंट थाने में दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
निरीक्षण के दौरान विवाद
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो सिंचाई विभाग के कार्यालय का बताया जा रहा है। घटना गुरुवार की है, जब एग्जीक्यूटिव इंजीनियर विपिन सिंह, चीफ इंजीनियर विकास सिंह के साथ बाढ़ खंड कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद क्लर्क दीपक पांडे और सहायक अभियंता ध्रुव सुमन ने उनके साथ गाली-गलौज की और अमर्यादित व्यवहार किया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने इंजीनियर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पिस्टल निकालने की धमकी
शिकायत में इंजीनियर विपिन सिंह ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान निलंबित क्लर्क दीपक पांडे ने अपने साथियों के सामने कथित तौर पर कहा, “पिस्टल निकालो, आज इसे मार ही देता हूं।” घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इंजीनियर का दावा है कि यह वीडियो घटना का अहम साक्ष्य है और उन्होंने इसे पुलिस को भी सौंप दिया है। पुलिस अब वीडियो की सत्यता और उसमें नजर आ रहे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
अप्रैल की घटना का जिक्र
विपिन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में अप्रैल की एक कथित पुरानी घटना का भी उल्लेख किया है। उनका आरोप है कि उस समय दीपक पांडे ने कुछ लोगों को उनके घर भेजकर उन्हें जबरन उठाने का प्रयास कराया था। इस मामले की सूचना उन्होंने पुलिस को देने के साथ विभागीय स्तर पर भी शिकायत की थी। इंजीनियर के अनुसार, विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद दीपक पांडे को निलंबित कर दिया गया था। उनका दावा है कि इसी वजह से आरोपी उनसे नाराज था और गुरुवार को निरीक्षण के दौरान हमला किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में इंजीनियर ने कैंट थाने में दो नामजद आरोपियों समेत कुल चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साथ ही संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ भी की जाएगी, ताकि पूरे विवाद की वास्तविक वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
कार्रवाई का इंतजार
सीओ कैंट आभा सिंह ने बताया कि इंजीनियर की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच-पड़ताल और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होने की बात कही गई है।
