गोरखपुर में राप्ती नदी में नहाने गए तीन दोस्त डूबे, लड़कों की तलाश जारी, परिवार में मचा कोहराम

गोरखपुर में राप्ती नदी में नहाने गए तीन दोस्त गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय गोताखोर और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है, जबकि परिवारों में मातम पसरा है और लोग दहशत में हैं।

Gorakhpur Rapti River drowning incident

Gorakhpur Rapti River drowning incident:उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चिलुआताल थाना क्षेत्र के बंजरहा गांव के पास राप्ती नदी में नहाने गए तीन युवक अचानक गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

तीनों दोस्त एक साथ नदी में कूदे

जानकारी के मुताबिक बरियारपुर निवासी शुभम यादव (19), अभय उर्फ बंटी (18) और काजीपुर निवासी शिव साहनी (20) आपस में घनिष्ठ मित्र थे। शुक्रवार दोपहर तीनों ने नदी में नहाने का प्लान बनाया और निर्माणाधीन पुल के पास पहुंच गए। इसी दौरान तीनों ने एक साथ नदी में छलांग लगा दी।
नहाने के दौरान अचानक वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बचाव के लिए उन्होंने शोर मचाया, लेकिन समय रहते कोई मदद नहीं मिल सकी और तीनों पानी में समा गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना को किसी ग्रामीण ने देख लिया और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर मजनू चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया।
देर शाम तक तीनों युवकों का कोई सुराग नहीं लग पाया था। पुलिस और गोताखोर लगातार नदी में खोजबीन कर रहे हैं।

परिवारों में मचा कोहराम

जैसे ही घटना की खबर युवकों के परिवारों तक पहुंची, घरों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। गांव में भी शोक का माहौल है और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है।

बदायूं में भी नहीं मिला लापता भाइयों का सुराग

वहीं दूसरी ओर बदायूं जिले में गंगा नदी में डूबे दो सगे भाइयों का पांच दिन बाद भी कोई पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ, फ्लड पीएसी और स्थानीय गोताखोर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई है।
बताया जा रहा है कि पांच बच्चे नहाने के दौरान नदी में डूब गए थे। इनमें से कुछ को बचा लिया गया, जबकि दो सगे भाई अब भी लापता हैं। इस घटना के बाद से परिवार और गांव के लोग गहरे सदमे में हैं।

Exit mobile version